डोंगरगढ़ :- छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के जिला प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास कुमार बघेल से सौजन्य मुलाकात कर जिले में शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की। जिला अध्यक्ष गोपी वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने डीईओ को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
जिला अध्यक्ष गोपी वर्मा ने बताया कि बीते वर्ष सहायक शिक्षक (एलबी) से प्राथमिक शाला प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नति की गई थी, लेकिन अब भी जिले में सैकड़ों पद रिक्त हैं। वरिष्ठता सूची का प्रकाशन हो चुका है, इसलिए पात्र शिक्षकों का जल्द से जल्द पदस्थापन किया जाए। उन्होंने दशहरा के पूर्व पदस्थापन आदेश जारी करने की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि युक्तिकरण के तहत हायर सेकेंडरी व हाई स्कूलों में मर्ज हुई प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शालाओं के शिक्षकों की सेवा पुस्तिका संबंधित प्राचार्यों के अधीन की जाए। साथ ही वेतन भुगतान की जिम्मेदारी भी उन्हीं को सौंपी जाए।
संघ ने जिले के सभी शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं का स्थानीय सम परीक्षक एवं कोष लेखा कार्यालय से शीघ्र सत्यापन कराने की मांग की। साथ ही पीएमश्री व स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में रिक्त प्राचार्य और व्याख्याता के पदों को शासन से स्वीकृति दिलाकर जल्द भरे जाने की बात भी रखी।
संघ ने यह भी कहा कि इन विद्यालयों के प्राचार्य और शिक्षक वर्तमान में खानापूर्ति कर रहे हैं, जबकि उन्हें उत्कृष्ट विद्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे में आवश्यक पदस्थापन और संसाधनों की पूर्ति अति आवश्यक है।
इस दौरान जिला पदाधिकारी हंस कुमार मेश्राम और जिला प्रवक्ता मनोज वर्मा भी मौजूद रहे। संघ ने उम्मीद जताई है कि जिला शिक्षा अधिकारी जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करेंगे।