मुंगेली : स्वच्छता महाअभियान 2026 के तहत नगर पालिका मुंगेली ने सक्षम शहर स्वच्छता वाहनों की रैली निकाली। रैली में मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर एवं समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वच्छ मुंगेली, स्वस्थ मुंगेली के संकल्प के साथ चार रंगों के डस्टबिन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। आगर खेल परिसर से शुरू होकर नगर पालिका कार्यालय परिसर में रैली समाप्त हुई।
नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा सुबह ठीक 7 बजे स्वच्छता महाअभियान 2026 के अंतर्गत सक्षम शहर स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर एवं नगर पालिका मुंगेली के समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता के बीच जनजागरूकता फैलाना तथा स्वच्छ मुंगेली, स्वस्थ मुंगेली के संकल्प के साथ नगर में 4 रंगों के डस्टबिन के उपयोग का व्यापक प्रचार-प्रसार करना था। रैली का मुख्य कार्यक्रम सुबह ठीक 7 बजे स्थानीय आगर खेल परिसर से शुरू हुआ। मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर द्वारा हरी झंडी दिखाकर वाहनों और रैली को रवाना किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब हमारा मुंगेली स्वच्छ रहेगा, तभी हमारा मुंगेली स्वस्थ रहेगा। मुंगेली को कचरा मुक्त और सक्षम शहर बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी दौरान अभियान को गति देने के लिए वहां उपस्थित समस्त नगर पालिका कर्मचारियों, सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदियों, कमांडो और नागरिकों को स्वच्छता की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। जिसमें सभी ने मुंगेली को स्वच्छ व निरोगी रखने और सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने का संकल्प लिया।
इस विशेष रैली में नगर पालिका के स्वच्छता संबंधी सभी वाहनों जैसे ऑटो टिपर, ई-रिक्शा, ट्राई साइकिल, ट्रैक्टर और कम्पैक्टर को शामिल किया गया था। रैली की खास बात यह थी कि इन सभी वाहनों पर विशेष साइन बोर्ड लगाए गए थे। इन बोर्ड्स के माध्यम से नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत चार रंगों के डस्टबिन में कचरा अलग-अलग रखने का संदेश दिया गया। हरा डस्टबिन गीला कचरा (रसोई का कचरा, फल-सब्जी के छिलके), नीला डस्टबिन सूखा कचरा (प्लास्टिक, कागज, कांच, गत्ता), पीला डस्टबिन सेनेटरी कचरा (डायपर, सैनिटरी पैड), काला डस्टबिन घरेलू हानिकारक कचरा (पुरानी बैटरी, ई-वेस्ट, दवाइयां) यह रैली आगर खेल परिसर से निकलकर मुंगेली शहर के मुख्य मार्गों, चैराहों और बस स्टैंड क्षेत्र से होते हुए गुजरी। रैली में शामिल सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदियों और स्वच्छता कमांडो ने स्वच्छ मुंगेली, स्वस्थ मुंगेली के नारे लगाकर नागरिकों को कचरा हमेशा पालिका की गाड़ियों में ही डालने की समझाइश दी। शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए यह रैली वापस नगर पालिका कार्यालय परिसर में पहुँचकर समाप्त हुई।