January 24, 2024


छत्‍तीसगढ़ में ठंड का कहर, बारिश से दिन में भी ठिठुरन

रायपुर :  छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है और रात के साथ ही दिन में भी ठिठुरन बढ़ गई है। दिन के वक्त भी लोगों को गर्म कपड़ों में देखा जा सकता है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गुरुवार से तो ठिठुरन और भी ज्यादा बढ़ने वाली है। न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।

इस वर्ष जनवरी के पहले पखवाड़े में ठंड गायब सी रही और ऐसा लगने लगा था कि ठंड मानों जा चुकी है, लेकिन बीते कुछ दिनों से ठंड वापस लौट आई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम में इस प्रकार का बदलाव बना रहेगा। फरवरी माह में भी इस वर्ष अच्छी ठंड पड़ने की उम्मीद है।

मंगलवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाए रहे और कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई। ठंडी हवाओं के चलने से अब दिन में भी कंपकंपी शुरू हो गई है। आउटर व ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही शहरी क्षेत्रों में भी लोगों को गर्म कपड़ों के साथ ही अलाव तापते देखा जा सकता है।

मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज कियागया, जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम रहा। बुधवार को सुबह कोहरा छाने के साथ ही आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना है। विभिन्न क्षेत्रों में इन दिनों घना कोहरा भी छाने लगा है। कोहरे का असर हवाई यातायात भी इन दिनों पड़ने लगा है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर से ठंडी व शुष्क हवाएं आ रही है,जबकि दक्षिण से नमी युक्त गर्म हवाएं आ रही है। इसके प्रभाव से ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए है और बारिश भी हो रही है। उन्होंने कहा कि बुधवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और रायपुर संभाग, दुर्ग संभाग और बस्तर संभाग में बारिश के आसार है। न्यूनतम तापमान में अब गिरावट संभावित है और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch