May 25, 2026


इंदरचंद जैन की जयंती और शहीद उदय मुदलियार की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने किया स्मरण

दोनों नेताओं ने संगठन, सेवा और विकास से राजनांदगांव को राष्ट्रीय पहचान दिलाई - प्रदीप बाबा राठौर

राजनांदगांव : शहर जिला कांग्रेस के प्रवक्ता प्रदीप बाबा राठौर ने 25 मई को कांग्रेस के दो वरिष्ठ और प्रेरणास्रोत नेताओं स्वर्गीय इंदरचंद जैन एवं शहीद उदय मुदलियार को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ये दोनों नेता केवल कांग्रेस संगठन के मजबूत स्तंभ ही नहीं थे बल्कि राजनांदगांव कांग्रेस की नींव के पत्थर माने जाते हैं।

श्री राठौर ने कहा कि 25 मई का दिन कांग्रेस परिवार के लिए बेहद भावुक और गौरवपूर्ण है। इसी दिन जहां स्वर्गीय इंदरचंद जैन की जयंती मनाई जाती है, वहीं शहीद उदय मुदलियार की पुण्यतिथि भी है। दोनों नेताओं ने शहर जिला कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस और राष्ट्रीय कांग्रेस में संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ विकास कार्यों के माध्यम से राजनांदगांव को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय इंदरचंद जैन अपने पूरे जीवनकाल में मानव सेवा, पशु सेवा, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के लिए सदैव समर्पित रहे। वे एक भामाशाह के रूप में जाने जाते थे और गरीब, जरूरतमंद तथा समाज के हर वर्ग की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। गांधीवादी विचारधारा से प्रभावित इंदरचंद जैन कांग्रेस संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे।

राठौर ने बताया कि कांग्रेस भवन में उनके नेतृत्व और संरक्षण में प्रत्येक वर्ष 30 जनवरी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर रामायण अखंड पाठ एवं भंडारे का आयोजन किया जाता था। कन्या विवाह, गरीबों की सहायता, धार्मिक आयोजनों एवं जनसेवा के अनेक कार्यों के कारण वे समाज में अत्यंत सम्मानित व्यक्तित्व थे। वहीं शहीद उदय मुदलियार, जिन्हें शहर के लोग प्रेम से उदय भैया कहकर पुकारते थे, हर नागरिक से पारिवारिक जुड़ाव रखते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन में हजारों युवाओं, महिलाओं और पुरुषों को रोजगार दिलाने का कार्य किया। विधायक रहते हुए उन्होंने विधानसभा क्षेत्र एवं जिले के विकास और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। श्री राठौर ने कहा कि उदय मुदलियार ने कांग्रेस संगठन को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शहर जिला कांग्रेस से लेकर प्रदेश कांग्रेस तक उन्होंने संगठन को मजबूती देने में अपना अहम योगदान दिया। उनके नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एक सूत्र में बंधे रहे। उन्होंने बताया कि जब उदय मुदलियार शहीद हुए, उस समय वे बस्तर कांग्रेस के प्रभारी के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभा रहे थे।

अंत में प्रदीप बाबा राठौर ने कहा कि स्वर्गीय इंदरचंद जैन और शहीद उदय मुदलियार जैसे नेताओं का जीवन कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके द्वारा किए गए जनसेवा, संगठन और विकास के कार्यों को राजनांदगांव कभी भुला नहीं सकेगा।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch