---
जिला भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के पूर्व संयोजक श्री मनोज निर्वाणी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि आज दिल्ली में कांग्रेस द्वारा "Regime Change" के आव्हान पर जो प्रदर्शन किया जा रहा है, वह युवाओं को गुमराह करने और देश को अस्थिर करने का एक सोचा-समझा षड्यंत्र है।
श्री निर्वाणी ने कहा कि जिस प्रकार कांग्रेस विदेशी ताकतों का उपयोग कर रही है, संविधान का अपमान कर रही है तथा भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है, वह सर्वथा गलत है।
सत्ता पाने के लिए कांग्रेस को चाहे नक्सलवाद का सहारा लेना पड़े, चाहे घुसपैठियों का, चाहे बांग्लादेश जैसी ताकतों से प्रेरणा लेनी पड़े, वह हर हद पार करने को तैयार है। कांग्रेस सत्ता के लिए इतनी व्याकुल हो चुकी है कि उसे हर कीमत पर कुर्सी चाहिए, चाहे उसके लिए देश को ही अस्थिर क्यों न करना पड़े।
50 साल तक कांग्रेस ने इस देश का शोषण किया और सत्ता का सुख भोगा। आज जब वह विपक्ष में है, तो सत्ता की याद में पानी से निकली मछली की तरह तिलमिला रही है। संविधान की हत्या करना हो, लोकतंत्र को बदनाम करना हो, विदेशी ताकतों को बुलाना हो, घुसपैठ को बढ़ावा देना हो या नक्सलवाद का उपयोग करना हो - कांग्रेस सत्ता के लिए किसी भी हथियार का उपयोग करने को तैयार है।
श्री निर्वाणी ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य युवाओं का भविष्य बनाना नहीं है, चुनाव सुधार करना नहीं है। उनका एकमात्र उद्देश्य सत्ता पाना है। वे चुनाव और युवाओं का सिर्फ बहाना बना रही है, असली मकसद किसी भी तरीके से सत्ता पर कब्जा करना है, जो भारत देश, लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ है।
यदि कांग्रेस को सच में सत्ता पानी है, कुर्सी पर बैठना है, प्रधानमंत्री बनने का सपना पूरा करना है, तो लोकतांत्रिक तरीका अपनाए। चुनाव लड़े, जनता के बीच जाए, अपनी बात रखे, यदि भाजपा से कोई गलती हुई है तो उसे जनता तक पहुंचाए। जनता जो आदेश देगी, भाजपा उसे लोकतांत्रिक तरीके से स्वीकार करेगी।
लेकिन कांग्रेस जो तरीका अपना रही है, युवाओं को भड़काकर, विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश को अस्थिर करने का, वह तरीका सर्वथा गलत और निंदनीय है।
मनोज निर्वाणी*
*पूर्व संयोजक, भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ, जिला राजनांदगांव (छ.ग.)*