राजनांदगांव : नगर निगम ने शहर के बाजार से मांस दुकानों को हटाने के अभियान पर काम शुरु कर दिया है। इसके लिए उपयुक्त स्थान की तलाश की जा रही है। सबसे पहले गोलबाजार में लगाई जाने वाली दुकानों को विस्थापित किए जाने की तैयारी है। महापौर मधुसूदन यादव के निर्देश के बाद अमले ने गंजचौक-नंदई रोड पर पहले से मौजूद मटन मार्केट का निरीक्षण किया लेकिन यहां संभावनाएं कम बनती दिख रही है। इसके आसपास के स्थान में मांस की दुकानों को विस्थापित करने पर विचार किया जा रहा है।
दूसरी ओर नई अधोसंरचना तैयार में भी वक्त लग सकता है। जरुरत पड़ने पर निगम राजगामी से उपयुक्त जगह की भी मांग कर सकता है। सभी विकल्पों पर व्यवहारिक निर्णय लेने की बात कही जा रही है। निगम दिवाली से पहले इन दुकानों को विस्थापित करने पर विचार कर रहा था। इधर, नगर निगम की ओर से संबंधित व्यवसायियों को तीन दिन के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस भी दिया जा रहा है।
बता दें कि सर्व समाज और हिंदू संगठनों ने एक ही स्थल पर मांस मटन की दुकानों का विस्थापित करने की मांग रखी थी। शहर भर में अलग-अलग स्थानों पर मांस बिक्री का विरोध करते हुए इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष, सांसद, कलेक्टर व निगम को सामूहिक तौर पर ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष व सांसद ने भी कलेक्टर को इस मामले पर कार्रवाई के लिए पत्र लिखा। इस मामले में शनिवार को महापौर मधुसूदन यादव ने विभागों की संयुक्त बैठक की और कार्रवाई तेज करने कहा। बैठक में मांस विक्रेताओं के लाइसेंस, खाद्य सुरक्षा विभाग की अनुमति, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, व्यावसायिक गैस सिलेंडर के उपयोग और साफ-सफाई की जांच करने के निर्देश दिए गए।
टीम ने निकलते ही शुरु की कार्रवाई
बैठक के बाद शनिवार की शाम को ही नगर निगम, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में मांस विक्रय करने वाले होटलों और ठेलों की जांच की। इस दौरान व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किए जाने पर चार सिलेंडर जब्त किए गए। संयुक्त टीम ने नया बस स्टैंड, टाउन हाल के सामने, फ्लाईओवर के नीचे, पोस्ट आफिस के पास और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में मांस विक्रय करने वाले होटलों और ठेलों की जांच की। इस दौरान खाद्य लाइसेंस, खाद्य सामग्री और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
गौरी नगर की शिकायत के बाद कार्रवाई तेज
महापौर ने बैठक में बताया कि कुछ दिन पहले गौरी नगर में अवैध रूप से मांस विक्रय किए जाने की शिकायत मिली थी। इस मामले में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की थी, जबकि नगर निगम ने अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक आरोपित का मकान और दूसरे आरोपित का ठेला जब्त किया था। बैठक में निगम आयुक्त जीआर मरकाम, प्रशिक्षु आइपीएस एवं नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार, डीएसपी एसपी तिवारी, टीआइ उपेंद्र साहू और खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित नियमों के पालन की जांच करने और संयुक्त रूप से कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।