राजनांदगांव: ठाकुरटोला टोल प्लाजा में प्रबंधन द्वारा बिना किसी ठोस कारण के एक लेन बंद कर दी गई है। इसके कारण टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। कई बार वाहन चालकों को 20 से 30 मिनट तक टोल पार करने के लिए इंतजार करना पड़ता है। लेन बंद किए जाने के मामले को लेकर विरोध तेज हो गया है। इसके साथ ही जीई रोड में पसरे अंधेरे और बाईपास चौराहे पर रोटरी के निर्माण में विसंगतियों पर सुधार की मांग भी हो रही है।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जीई रोड की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने ठाकुरटोला टोल प्लाजा की अव्यवस्थाओं, राजनांदगांव पासिंग (सीजी-08) के वाहनों से कथित नियमविरुद्ध टोल वसूली, राष्ट्रीय राजमार्ग के रखरखाव में लापरवाही, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट और सीआईटी कालेज के पास बाईपास पर बने गोल चौराहे की तकनीकी खामियों का मुद्दा उठाया। इन सभी पर तत्काल सुधार की मांग की। शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कलेक्टर से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर जनता सुविधाओं के लिए नहीं, बल्कि परेशानियां झेलते हुए टोल देने को मजबूर है। उनकी मांगों पर कलेक्टर ने प्रबंधन से बात करने और जल्द से जल्द सुधार करवाने का आश्वासन दिया।
चौराहे पर आए दिन दुर्घटना, निर्माण गलत
जीई रोड पर सीआइटी कालेज के पास बनाए गए गोल चौराहे में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। यहां बनाया गया रोटरी औसत से अधिक बड़ा है। भारी वाहनों को आगे बढ़ने में काफी ज्यादा घुमाव की जरुरत पड़ती है इससे वाहन एक ओर पलट जाता है। इस तरह की दुर्घटनाएं लगातार होने के बाद यहां सुधार की मांग हो रही है। जीई रोड में स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट भी बंद पड़ी है जिसके चलते रास्ते में अंधेरा पसरा रहता है। बारिश के दिनों में यह और खतरनाक हो जाता है। यह स्थिति 12 महीने बनी रहती है। मरम्मत और सुधार के काम को लेकर जिम्मेदार एजेंसी का रवैया इस मामले में लापरवाह है।