राजनांदगांव : घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित पहाड़ी पाठ बाबा धाम में क्वार नवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मनगटा जंगल के ग्राम जोरातराई में स्थित इस देवस्थल में दर्शन-पूजन के साथ पंचमी से प्रतिदिन भोजन भंडारा चल रहा है। दूर-दराज से पहुंच रहे श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की आवाजाही बनी हुई है।
मंदिर में 11 अक्टूबर को ज्योति कलश स्थापना के साथ नवरात्रि पर्व की शुरुआत हुई। इस वर्ष घी और तेल के कुल 300 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालु माता मंदिर सहित विभिन्न देवी-देवताओं के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। बड़ी संख्या में भक्तों ने मनोकामना दीप भी प्रज्वलित किए हैं।
आयोजन में पुजारी संतोष शर्मा, समिति के उपाध्यक्ष नरसिंह साहू, सचिव सुदामा लाल साहू, कोषाध्यक्ष रामलाल साहू, सहसचिव पुरुषोत्तम कुमार साहू, संरक्षक सुरेंद्र शर्मा, शिवलाल चक्रधारी और डा. जीएस राजपूत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागी बन रहे हैं। धार्मिक अनुष्ठानों और भंडारे से क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
आज महाअष्टमी हवन, 20 को विसर्जन
पहाड़ी पाठ देवस्थल उत्थान समिति के अध्यक्ष एवं जोरातराई के पूर्व सरपंच संतोष कुमार साहू ने बताया कि नवरात्रि पर प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए पंचमी से प्रतिदिन भोजन भंडारा संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर को महाअष्टमी हवन होगा और दोपहर चार बजे पूर्णाहुति दी जाएगी। वहीं, 20 अक्टूबर को सुबह नौ बजे ज्योति-जवारा विसर्जन किया जाएगा।