डोंगरगढ़ :- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के नागपुर मंडल की मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति (DRUCC) में डॉ. अभिषेक चक्रवर्ती को सदस्य मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन से क्षेत्र के नागरिकों में हर्ष है। लोगों ने इसे राजनांदगांव और डोंगरगढ़ में रेल यात्रियों की समस्याओं को रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया है।
लोकसभा सांसद संतोष पांडे की अनुशंसा पर डॉ. चक्रवर्ती को 1 सितंबर 2026 से 31 अगस्त 2028 तक के लिए समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। इस जिम्मेदारी के माध्यम से वे क्षेत्र की रेल संबंधी जरूरतों, यात्रियों की समस्याओं और सुविधाओं के विस्तार से जुड़े सुझाव समिति के समक्ष रख सकेंगे।
DRUCC रेलवे प्रशासन और रेल उपयोगकर्ताओं के बीच परामर्श का एक महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से यात्रियों की समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाता है। डॉ. चक्रवर्ती के मनोनयन के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि राजनांदगांव और डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशनों से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
नागरिकों को नई ट्रेनों के ठहराव, अतिरिक्त रेल सेवाओं, बेहतर रेल संपर्क और स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विकास की दिशा में पहल होने की अपेक्षा है। बेहतर रेल सुविधाएं विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और श्रद्धालुओं के लिए आवागमन को सुविधाजनक बना सकती हैं।
डॉ. अभिषेक चक्रवर्ती के मनोनयन पर पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती, पूर्व विधायक विनोद खांडेकर, सरोजनी बंजारे, नगरपालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे, नगरपालिका उपाध्यक्ष उमामहेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष सौमित्र सोनी, अंशुलराज जैन, सरबजीत बन्नोआना, योगेश सन्नी अग्रवाल, गिरीश अग्रवाल, विवेक मोनू भंडारी, नवीन चोपड़ा, शिव अग्रवाल सहित अन्य नागरिकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
शुभचिंतकों ने उम्मीद जताई कि डॉ. चक्रवर्ती अपने कार्यकाल में क्षेत्र के रेल यात्रियों की समस्याओं और सुविधाओं से जुड़ी मांगों को उचित मंच पर रखेंगे तथा जनहित में सकारात्मक योगदान देंगे।