राजनांदगांव। महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, राजनांदगांव में शनिवार को पालक-शिक्षक बैठक आयोजित की गई। बैठक में छात्राओं के त्रैमासिक परीक्षा परिणाम की जानकारी पालकों को दी गई। साथ ही कमजोर और अनुत्तीर्ण छात्राओं के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए उपचारात्मक कक्षाएं शुरू करने की जानकारी दी गई।
प्राचार्य श्रीमती पूर्णिमा शुक्ला, परीक्षा प्रभारी डॉ. खिलेश्वरी साव, श्री आकाश देवांगन सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ की उपस्थिति में हुई बैठक में छात्राओं की पढ़ाई और शैक्षणिक प्रगति पर चर्चा की गई। शिक्षकों ने पालकों से घर पर बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
बैठक में पालकों ने छात्राओं से जुड़ी समस्याएं प्राचार्य और शिक्षकों के सामने रखीं। पालकों की ओर से दिए गए सुझावों का शिक्षकों ने स्वागत किया। विद्यालय प्रबंधन ने छात्राओं के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार के लिए पालकों से भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा जताई।
बैठक में मोक्षकुमार देशमुख, ज्ञानचंद साहू, रामकुमार यादव, राजकुमार बंजारे, ललित चतुर्वेदी, विजय जंघेल, उच्चवल राजपूत, शकुंतला सिन्हा, ममता साहू, किरण चतुर्वेदी, श्रवण साहू, प्रदीप चन्द्राकर, अश्विन निषाद, जमुना बाई सोनकर, लिलिमा और अदिति जंघेल सहित अन्य पालक उपस्थित रहे।