October 15, 2026


नशे में वाहन चलाया तो खैर नहीं

सड़कों से आवारा पशु हटेंगे

 राजनांदगांव:  खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों की जान सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन ने सख्ती की तैयारी शुरू कर दी है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई होगी, वहीं सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को कांजी हाउस और गोठानों में रखने की व्यवस्था की जाएगी। मादक पदार्थों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए सघन जांच अभियान चलाने और छोटी पुलियों पर सुरक्षा रेलिंग लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई नहीं बरती जाए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, दुर्घटनाओं के कारणों को दूर करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने पुलिस, यातायात, परिवहन और लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा बैठक में दिए गए निर्देशों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई

ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। शराब के नशे में वाहन चलाने से वाहन चालक के साथ सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। इसे देखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चालानी कार्रवाई किए जाने की जानकारी भी दी गई। कलेक्टर ने इस कार्रवाई में और तेजी लाने पर जोर दिया।

 सड़कों से हटेंगे आवारा पशु, गोठानों में होगी व्यवस्था

सड़कों पर बैठे और विचरण करने वाले आवारा पशु भी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकते हैं। कलेक्टर ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़कों से आवारा पशुओं को हटाकर कांजी हाउस और गोठानों में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। बैठक में पशुपालन विभाग ने बताया कि शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सरपंचों के साथ बैठक की जा चुकी है। इसमें सड़कों से हटाए गए पशुओं को गोठानों में रखने और उनके लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था करने पर सहमति बनी है। अब इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया जाएगा, ताकि पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।

 छोटी पुलियों पर सुरक्षा रेलिंग लगाने के निर्देश

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को जिले की सड़कों पर स्थित छोटी-छोटी पुलियों में तत्काल सुरक्षा रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की कमी या वाहन चालकों की असावधानी से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सुरक्षात्मक उपाय प्राथमिकता से किए जाएं। पुलियों पर रेलिंग लगने से वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा बढ़ाने में मदद मिलेगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch