October 24, 2026


निगम की बड़ी कार्रवाई : ग्रामीण क्षेत्र से शहर में लाकर छोड़े जा रहे थे 50 मवेशी पकड़ाया तो लगा 7700 रुपए जुर्माना

राजनांदगांव :- सड़क दुर्घटनाओं पर रोकथाम और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम का मवेशी धरपकड़ अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में राजनांदगांव में एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां ग्राम सिंघोला की ओर से लगभग 50 मवेशियों को ट्रक या अन्य माध्यमों से शहर में लाकर छोड़ने की साजिश रची जा रही थी। मुस्तैद प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि की सूचना पर निगम आयुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मवेशियों को पकड़ लिया और संबंधितों से 7 हजार 700 रुपए का जुर्माना वसूल किया।

हल्दी के पास पकड़े गए मवेशी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह ग्राम सिंघोला से लगभग 50 की तादाद में मवेशी लाकर शहर में छोड़ने की तैयारी थी। इसकी भनक लगते ही हल्दी के पार्षद श्री चंद्रकृत साहू ने तत्काल नगर निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही आयुक्त अपनी टीम के साथ तुरंत हल्दी पहुंच गए और सभी मवेशियों को एक स्थान पर एकत्रित कराया।

इसके बाद सिंघोला से मवेशी मालिकों को बुलवाया गया और उन पर 7 हजार 700 रुपए का अर्थदंड लगाया गया। साथ ही उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई कि वे अपने मवेशियों का उचित प्रबंधन करें; भविष्य में यदि इस तरह ग्रामीण क्षेत्रों से मवेशी लाकर शहर में छोड़े गए, तो और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान शहर के कुछ अन्य पकड़े गए मवेशियों को रेवाड़ीह कांजी हाउस भेजा गया।

कान में लगे टैग से होगी मालिकों की पहचान

आयुक्त श्री मरकाम ने पशु चिकित्सालय की टीम को निर्देशित किया है कि शहर से पकड़े गए मवेशियों के कान में लगे टैग के आधार पर उनके मालिकों की जानकारी जुटाई जाए और उन पर भी अर्थदंड लगाया जाए।

आयुक्त ने बताया कि कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार हाईवे और शहर के चौक-चौराहों को मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं से बचाने के लिए नगर निगम द्वारा सुबह और शाम दो पालियों में मवेशी धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। कांजी हाउस में छोड़े गए मवेशियों को छुड़ाने के लिए मालिकों से प्रति मवेशी 570 रुपए अर्थदंड के साथ-साथ भोजन पर हुए व्यय की राशि भी वसूली जाती है।

निगम चला रहा है विशेष अभियान

प्रशासन द्वारा मवेशियों की सुरक्षा के लिए उनकी सींग व गले में रेडियम पट्टी लगाने के साथ-साथ रात के समय मवेशियों को मुख्य मार्गों से हटाने का कार्य भी किया जा रहा है। साथ ही 'निदान 1100' और 'मुख्यमंत्री हेल्पलाइन' में प्राप्त शिकायतों के आधार पर भी लगातार मवेशी पकड़े जा रहे हैं। बीमार या दुर्घटना में घायल मवेशियों को इलाज के लिए आरोग्यम गौशाला भेजा जा रहा है।

आगमानी दीपावली त्योहार को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए इस अभियान में और अधिक तेजी लाई जा रही है। नगर निगम ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुला न छोड़ें, अन्यथा सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch