राजनांदगांव: टोलागांव स्थित ड्रूल्स पेट फूड प्लांट में दो दिन पूर्व कर्मचारी की मौत पर प्रदर्शन में मजदूरों के हंगामे, मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप लगे हैं। प्लांट के एचआर हेड विजय प्रताप सिंह ने 20 नामजद लोगों सहित अन्य के विरुद्ध कर्मचारियों को उकसाकर काम बंद कराने, मुख्य मार्ग पर चक्काजाम करने, अधिकारियों से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत डोंगरगांव थाने में दर्ज कराई है।
आरोप है कि उपद्रव के दौरान टाइम आफिस से डेढ़ लाख रुपये नकद और 10 कुर्सियां चोरी कर ली गईं। प्लांट में खड़े छह ई-रिक्शा, चार इलेक्ट्रिक स्कूटर, 10 सीसीटीवी कैमरे, कार्यालय के कांच और कुर्सियों के साथ मशीनों में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायत के अनुसार, 17 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे कुछ मजदूर प्लांट परिसर में घूमकर अन्य कर्मचारियों को काम बंद करने के लिए उकसाने लगे। इसके बाद प्लांट के मुख्य द्वार और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया गया, जिससे आम लोगों के आवागमन में बाधा पहुंची। दोपहर करीब दो से चार बजे के बीच स्थिति और बिगड़ गई। आरोप है कि संबंधित लोगों ने एकजुट होकर प्लांट प्रबंधन और अधिकारियों के विरुद्ध नारेबाजी की तथा गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत में चुकेश धनकर, थालेंद्रे, राकेश साहू, राजू कुमार, विजय साहू, गजेंद्र कुमार, चोवाराम, बामन, शेखर कुमार, दरदेश, अजय राजपूत, दिव्यानंद, दामेश, एसकुमार भूआर्य, हरमेश, कामेश्वर, प्रशांत कुमार, विकास, प्रेमलाल सिन्हा और लोकेश साहू के नाम शामिल हैं। इसके अलावा अन्य लोगों की संलिप्तता का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार प्लांट के कर्मचारी अफसार अहमद खान, सोमेंद्र पाटिल और डिलेश्वर साहू के साथ हाथ-मुक्कों, लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों और अन्य हथियारों से मारपीट की गई। इससे तीनों को चोटें आईं। आरोपितों ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। हंगामे और अफरा-तफरी के बीच टाइम आफिस में रखे डेढ़ लाख रुपये नकद और करीब 15 हजार रुपये मूल्य की 10 कुर्सियां चोरी होने की शिकायत की गई है। प्लांट परिसर में खड़े छह ई-रिक्शा और चार इलेक्ट्रिक स्कूटर, 10 सीसीटीवी कैमरों, कार्यालय के कांच व कुर्सियों में तोड़फोड़ करने के साथ मशीनों को भी क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया गया है।