राजनांदगांव : जिला पंचायत की सभा में जनप्रतिनिधियों के बीच हुए विवाद को भाजपा संगठन ने गंभीरता से लिया है। मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव और छुरिया जनपद पंचायत अध्यक्ष संजय सिन्हा को तलब कर उनसे पक्ष मांगा गया है। संगठन ने दोनों नेताओं को भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं दोहराने की हिदायत भी दी है।
जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों जिला पंचायत की सभा के दौरान दोनों नेताओं के बीच वन विभाग के अफसर को बैठक से बाहर निकालने के मुद्दे को लेकर बहस हो गई थी। विवाद बढ़ने से बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा संगठन ने मामले को संज्ञान में लिया और दोनों नेताओं से जवाब मांगा। दोनों ही जनप्रतिनिधियों ने जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत के सामने बैठकर अपना पक्ष रखा था।
भाजपा संगठन ने दोनों नेताओं को समझाइश देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों से सार्वजनिक जीवन में संयम और अनुशासन की अपेक्षा की जाती है। आपसी मतभेदों को बातचीत के माध्यम से सुलझाया जाना चाहिए, ताकि संगठन की छवि प्रभावित न हो। पार्टी ने भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने देने की हिदायत देते हुए मामले का पटाक्षेप कर दिया है।