October 20, 2026


घर से सोने चांदी के लाखों के गहने तो खेत से अरहर और पंप पार

राजनांदगांव : घुमका थाना क्षेत्र में चोरी की दो घटनाओं ने सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छोटे टेमरी में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ली गई, वहीं हरडुवा में खेत के मकान से अरहर और मोटर पंप पार कर दिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस के अनुसार छोटे टेमरी निवासी देवशरण साहू का परिवार 17 अक्टूबर की रात गांव में आयोजित कार्यक्रम देखने गया था। रात करीब 12 से 12:30 बजे लौटने पर घर और आलमारी का ताला टूटा मिला। आलमारी से सोने-चांदी के गहने और चार हजार रुपये नकद गायब थे। एक अन्य कमरे की आलमारी तोड़कर भी सोने के गहने और 15 हजार रुपये नकद चोरी किए गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।

दूसरी घटना हरडुवा गांव में हुई। दुर्ग जिले के खम्हरिया भिलाई निवासी सुहास सुदेश लाल के खेत में बने मकान का ताला तोड़कर 18 अक्टूबर की रात चोर पांच कट्टा अरहर (करीब 250 किलो) और पांच एचपी का मोटर पंप ले गए। 19 अक्टूबर की सुबह खेत पहुंचने पर चोरी का पता चला। मौके पर एक कुल्हाड़ी छूटी मिली। पीड़ित ने करीब 25 हजार रुपये के नुकसान की शिकायत की है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch