July 27, 2026


जंतर मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के पीछे यदि कोई सुनियोजित साजिश है तो उसकी निष्पक्ष जांच हो : रवि सिन्हा

राजनांदगांव :- भाजपा पार्षद एवं जनभागीदारी समिति अध्यक्ष, शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय रवि सिन्हा ने जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भारत एक सशक्त लोकतंत्र है, जहाँ प्रत्येक नागरिक को संविधान के दायरे में अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण विरोध करने का अधिकार है। किंतु यदि किसी आंदोलन के माध्यम से छात्रों को भड़काने, उन्हें गुमराह करने अथवा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने का कोई सुनियोजित प्रयास हो रहा है, तो इसकी गंभीरता से जांच होना आवश्यक है।

रवि सिन्हा ने कहा कि देश ने पूर्व में भी अनेक आंदोलनों के दौरान विदेशी प्रभाव, दुष्प्रचार और संगठित अभियानों को लेकर गंभीर प्रश्न उठते देखे हैं। यदि वर्तमान घटनाक्रम में भी किसी प्रकार की बाहरी फंडिंग, भ्रामक प्रचार अथवा राष्ट्रविरोधी तत्वों की भूमिका सामने आती है, तो दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हमेशा राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखा है। इसी भावना के अनुरूप यदि कभी सरकार या उसके किसी वरिष्ठ मंत्री द्वारा व्यापक सामाजिक, शैक्षणिक या राजनीतिक संतुलन बनाए रखने के लिए कोई निर्णय लिया जाता है, तो उसे लोकतंत्र की कमजोरी नहीं, बल्कि राष्ट्रहित में उत्तरदायित्व और त्याग की भावना के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को  राजनीतिक रंग बनाने के बजाय देशहित, त्याग और लोकतांत्रिक संतुलन के व्यापक दृष्टिकोण से देखने की आवश्यकता है।

रवि सिन्हा ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं। उनकी ऊर्जा, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, नवाचार और सामाजिक विकास में होना चाहिए, न कि उन्हें किसी राजनीतिक या बाहरी एजेंडे का माध्यम बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान होगा, लेकिन भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। समाज, शिक्षण संस्थानों और अभिभावकों को भी युवाओं को तथ्यपरक सोच, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रहित के प्रति जागरूक करना चाहिए, ताकि वे किसी भी भ्रामक प्रचार या षड्यंत्र का हिस्सा न बनें।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch