रामकुमार गुप्ता आरंग : शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय, गुड़ियारी पारा आरंग में सजी मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, मां उमा और मां काली की पांच चैतन्य देवियों की अलौकिक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बुधवार 14 अक्टूबर से प्रारंभ हुए इस पांच दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर देवियों के दर्शन कर रहे हैं।
आयोजन के तीसरे दिन वरिष्ठ पत्रकार रोशन चंद्राकर, भगवताचार्य छत्रधर दीवान, मोहित महाराज (चंडी मंदिर), सुमित तिवारी (ठाकुर गोपाल मंदिर), योगेश तिवारी (राधाकृष्ण मंदिर), मयंक गोस्वामी (बागेश्वर मंदिर), शत्रुघ्न महाराज (पंचमुखी मंदिर), देवनाथ साहू एवं ईश्वर साहू ने दीप प्रज्वलित कर झांकी का शुभारंभ किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की लता बहन ने कहा कि मां दुर्गा का आगमन जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश लेकर आता है। चैतन्य देवियों के दिव्य स्वरूप हमें सहनशीलता, पवित्रता, निर्भीकता और करुणा जैसे गुणों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली की मंगलकामना की।
संस्थान की ओर से बताया गया कि यह आयोजन 18 अक्टूबर तक चलेगा। प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक श्रद्धालु पांचों देवियों के दर्शन कर सकेंगे। संस्थान ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार पहुंचकर झांकी का अवलोकन करने और आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ लेने की अपील की है।
नवरात्र के अवसर पर सजी इस दिव्य झांकी से गुड़ियारी पारा सहित पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।