राजनांदगांव। अब रेलवे आरक्षण काउंटर से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को भी यात्रा के दौरान वित्तीय सुरक्षा का विकल्प मिलेगा। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए काउंटर से आरक्षित टिकट लेने वालों के लिए भी यात्रा बीमा की सुविधा शुरू करने की पहल की है। यह सुविधा राजनांदगांव, डोंगरगढ़ व अन्य स्टेशनों में 27 अक्टूबर से लागू होगी। इसके बाद यात्री टिकट बुकिंग के समय निर्धारित प्रक्रिया का पालन कर यात्रा बीमा का विकल्प चुन सकेंगे। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए टिकट बुक कराते समय डिजिटल माध्यम से भुगतान करना और वैध मोबाइल नंबर उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। यानी आरक्षण काउंटर से टिकट लेने वाले यात्रियों को भी यात्रा के दौरान संभावित दुर्घटनाओं से जुड़ी आर्थिक सुरक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। राजनांदगांव रेलवे स्टेशन में रोजाना 1000-1100 रेलवे टिकट की बुकिंग होती है।
मृत्यु से लेकर चिकित्सा खर्च तक बीमा सुरक्षा
यात्रा बीमा के तहत रेल दुर्घटना अथवा बीमा पॉलिसी में निर्धारित आकस्मिक घटनाओं के कारण मृत्यु होने, स्थायी पूर्ण दिव्यांगता और स्थायी आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में बीमा सुरक्षा का प्रावधान है। इसके अलावा दुर्घटना के कारण अस्पताल में भर्ती होने पर चिकित्सा खर्च तथा पार्थिव शरीर के परिवहन के लिए भी बीमा कवर उपलब्ध होगा। हालांकि, बीमा की राशि, पात्रता और दावे के निपटान की प्रक्रिया संबंधित बीमा कंपनी की पालिसी में निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार होगी। यात्रियों को बीमा का विकल्प चुनने से पहले संबंधित शर्तों की जानकारी लेने की सलाह दी जाती है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों के आरक्षण काउंटरों से आरक्षित टिकट बुक कराने वाले यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। रेलवे की इस पहल से काउंटरों से टिकट लेने वाले यात्रियों को भी यात्रा के दौरान आकस्मिक परिस्थितियों में वित्तीय सुरक्षा पाने का विकल्प मिलेगा।
नवंबर-दिसंबर में कई ट्रेनें रहेंगी रद
नवंबर के अंतिम सप्ताह से दिसंबर के मध्य तक रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल स्थित झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में अधोसंरचना विकास के लिए 27 नवंबर से 17 दिसंबर तक निर्धारित तिथियों में नान-इंटरलाकिंग कार्य किया जाएगा। इसके चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संबंधित कई प्रमुख एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में रद रहेंगी। इनमें टाटानगर-बिलासपुर, दुर्ग-हटिया, बिलासपुर-बक्सर और दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस सहित लंबी दूरी की कई ट्रेनें शामिल हैं। उत्कल एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से चलेगी, जबकि साउथ बिहार एक्सप्रेस का परिचालन राउरकेला तक सीमित रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। टाटानगर-इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस 29 नवंबर, एक से 16 दिसंबर तक, टाटानगर-बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस टाटानगर से चार, पांच और सात से 15 दिसंबर तक, बिलासपुर से पांच, छह और आठ से 16 दिसंबर तक, हटिया-दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस हटिया से आठ और 10 दिसंबरत दुर्ग से नौ और 11 दिसंबर, दुर्ग-आरा- दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों में राउरकेला तक सीमित परिचालन, पुणे-हावड़ा-हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस दोनों दिशाओं में नवंबर के अंतिम सप्ताह से दिसंबर में अलग-अलग तिथियों पर।पुरी-योगनगरी ऋषिकेश-योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस रद्द नहीं, बल्कि परिवर्तित मार्ग से चलेगी।