राजनांदगांव: मध्य प्रदेश के रीवा में दो जैन साध्वियों की सड़क हादसे में मौत के विरोध में सोमवार को सकल जैन समाज ने शहर में बाइक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
दिगंबर जैन पंचायत के सचिव सूर्यकांत जैन ने बताया कि 20 मई को रीवा में आचार्य विद्यासागर महाराज से दीक्षित दो साध्वियों की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। घटना के विरोध में 24 मई को शहर में विनयांजलि सभा आयोजित की गई थी, जिसमें शासन को ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया।
सोमवार को गंज लाइन स्थित दिगंबर जैन मंदिर से बाइक रैली निकाली गई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान समाज के लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर साधु-संतों की सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी की।
दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष अशोक झंझरी ने कहा कि जैन साधु-संत विश्व कल्याण की भावना से नंगे पैर पदयात्रा करते हैं। ऐसे संत समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सुरक्षा के लिए शासन को ठोस व्यवस्था करनी चाहिए।
सकल जैन समाज के अजय सिंघी ने कहा कि भविष्य में किसी भी साधु-संत के साथ प्रताड़ना या हिंसा की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कड़े कानून बनाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि संतों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो समाज को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
रैली और ज्ञापन कार्यक्रम में अशोक झंझरी, सूर्यकांत जैन, सुदेश जैन, अनिल बड़कुल, पंकज जैन, रविकांत जैन, मनोज वेद, रोशन गोलछा, मूलचंद भंसाली, अखिलेश जैन, सुशील छाजेड़, राजेंद्र सुराणा, दीपक कोठारी, ज्ञानचंद नौलखा, विजय गोलछा, महावीर सकलेचा, निखिल जैन, राजीव जैन, सुनील जैन, मुकेश जैन, संयम जैन, राहुल जैन, निकेत झंझरी, सागर जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे। महिला मंडल की सदस्याएं भी रैली में शामिल रहीं।
किस घटना के विरोध में हुआ प्रदर्शन
20 मई को मध्य प्रदेश के रीवा में आचार्य विद्यासागर महाराज से दीक्षित साध्वी श्रुतमति माताजी और उपशम मति माताजी सड़क हादसे का शिकार हो गई थीं। जैन समाज का आरोप है कि वीडियो फुटेज में वाहन चालक की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है। समाज ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।