राजनांदगांव: कोसरिया यादव समाज द्वारा विवाह योग्य युवक-युवतियों को जीवनसाथी चुनने का अवसर देने और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से 13 दिसंबर को राजनांदगांव में युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही संभागीय शपथ ग्रहण समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आदर्श विवाह का भी आयोजन होगा। कार्यक्रम की तैयारियों और जिम्मेदारियों के निर्धारण को लेकर जिला कोसरिया यादव महासभा की बैठक बसंतपुर वार्ड क्रमांक 46 स्थित हनुमान मंदिर के समीप सामुदायिक भवन में आयोजित की गई। बैठक में जिला, नगर और सर्किल स्तर के पदाधिकारी तथा समाज के प्रमुखजन शामिल हुए। संगठन प्रभारी भोला यादव ने प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोजन गोविंदराम निर्मलकर आडिटोरियम गौरव पथ, राजनांदगांव में होगा। कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न प्रभारी दलों की जिम्मेदारियां तय करने और समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में होगा प्रचार-प्रसार
बैठक में नगर और सर्किल पदाधिकारियों को ग्रामीण अंचलों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने तथा अधिक से अधिक विवाह योग्य युवक-युवतियों का पंजीयन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। परिचय सम्मेलन और आदर्श विवाह के लिए पंजीयन संबंधी दिशा-निर्देश तैयार किए गए हैं। प्रचार-प्रसार के लिए उपस्थित पदाधिकारियों को पाम्पलेट भी वितरित किए गए। आयोजन नगर, जिला और संभाग के संयुक्त तत्वावधान में होगा। पिछले सप्ताह हुई संभागीय बैठक के बाद अब आयोजन समिति का गठन भी आगामी दिनों में किया जाएगा। बैठक में जिला कोसरिया यादव महासभा के जिलाध्यक्ष मन्ना लाल यादव, संरक्षक महेश यादव, संतोष यादव, मंजू यादव, जिला उपाध्यक्ष धन्ना यादव, दुखुराम यादव, संजय यादव, जिला महामंत्री आनंद यादव, जिला उप महामंत्री देवेश यादव, जिला कोषाध्यक्ष विजय यादव, महिला जिलाध्यक्ष शीला यादव, जिला युवा अध्यक्ष हरीश यादव, नगर अध्यक्ष सूरज यादव व अन्य मौजूद रहे।