May 26, 2026


बीईओ कार्यालय में शराब पार्टी, दो कर्मचारी निलंबित

राजनांदगांव: खैरागढ़ के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जुड़े कथित शराब पार्टी और वायरल वीडियो मामले में शिक्षा विभाग ने आखिरकार सख्त कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने और लगातार उठ रहे सवालों के बाद जिला शिक्षा विभाग ने यह कदम उठाया, जिससे पूरे शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी करते हुए बीईओ कार्यालय खैरागढ़ में पदस्थ सहायक ग्रेड-दो रविंद्र सिंह गहरवार तथा शासकीय प्राथमिक शाला संडी के प्रधान पाठक सुनील कुमार वर्मा को निलंबित किया गया है। विभागीय आदेश में उल्लेख किया गया है कि इंटरनेट मीडिया एवं समाचार पत्रों के माध्यम से प्राप्त वायरल वीडियो में शासकीय कार्यालय परिसर में शराब सेवन और अमर्यादित व्यवहार सामने आया था। प्रारंभिक जांच में यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरणके विपरीत पाया गया। इसके बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।

निलंबन अवधि में छुईखदान रहेगा मुख्यालय

जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय छुईखदान निर्धारित किया गया है। विभागीय स्तर पर आगे भी मामले की जांच जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। इस मामले को लेकर पिछले कई दिनों से लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। इंटरनेट मीडिया पर कथित शराब पार्टी से जुड़े कई वीडियो तेजी से प्रसारित हुए थे। स्थानीय समाचार पत्रों और मीडिया संस्थानों ने भी मामले को प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद शिक्षा विभाग पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था।

 शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सरकारी कार्यालय परिसर में कथित शराब पार्टी और कर्मचारियों के आचरण को लेकर आम लोगों के बीच भी नाराजगी देखी जा रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शासकीय मर्यादा और अनुशासन से समझौता करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch