राजनांदगांव : शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विश्व विद्यार्थी दिवस के अवसर पर दो दिवसीय मेगा लाइब्रेरी एवं टेक अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रंथालय और आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में हुए आयोजन में छात्राओं को डिजिटल लाइब्रेरी, आधुनिक तकनीकी संसाधनों और आनलाइन शैक्षणिक सामग्री के उपयोग की जानकारी दी गई।
आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पुस्तकालय के प्रति रुचि बढ़ाना और नियमित अध्ययन की आदत विकसित करना था। लाइब्रेरी अवेयरनेस क्विज, बुकमार्क निर्माण और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं हुईं। साथ ही ई-लाइब्रेरी से अध्ययन सामग्री खोजने और उसका उपयोग करने की जानकारी दी गई। 16 को शासकीय दिग्विजय स्वशासी महाविद्यालय के ग्रंथपाल परस राम ने अतिथि व्याख्यान दिया। प्राचार्य डा. अवधिया ने छात्राओं को डिजिटल पुस्तकालय का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया और रैपिड फायर प्रश्नोत्तरी में उत्साह से भाग लिया। आयोजन के संयोजक आलोक जोशी रहे। प्रभारी ग्रंथपाल अमरनाथ निपाद, अतिथि ग्रंथपाल तरुण कुमार, बुक लिफ्टर हिमांशु यादव सहित प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने आयोजन में सहयोग किया।