राजनांदगांव: जिला मुख्यालय मोहला में फर्स्ट नाला के समीप जंगल में युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहला निवासी विसर्जन दास रामटेके के रूप में हुई है, जो 17 मई से लापता था।
जानकारी के अनुसार विसर्जन दास रामटेके मोहला के एक होटल में मिस्त्री का काम करता था। वह 17 मई को घर नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो मोहला थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस युवक की तलाश कर रही थी। इसी दौरान रविवार शाम एक चरवाहे ने फर्स्ट नाला के पास जंगल में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। जिसकी शिनाख्त विसर्जन दास रामटेके के रूप में की गई। सोमवार को मोहला स्थित मर्चुरी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। स्वजनों के अनुसार विसर्जन मानसिक रूप से अस्वस्थ रहता था। वह परिवार का बड़ा बेटा था और विवाहित था। उसके तीन बच्चे हैं।
खंड चिकित्सा अधिकारी डा सीमा ठाकुर ने बताया कि शव में सड़न शुरू हो चुकी थी और कीड़े भी लग गए थे। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। अत्यधिक सड़न की वजह से पोस्टमार्टम में भी परेशानी हुई। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शरीर के कुछ अंग फॉरेंसिक जांच हेतु भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।