खैरागढ़: अवैध जुआ खेलने वालों के खिलाफ गंडई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग प्रकरणों में नौ लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 2180 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश सहित अन्य सामग्री जब्त की है। सभी आरोपितों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपितों को गिरफ्तार कर जमानत मुचलके पर छोड़ा गया है। 17 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लिमों में शीतला तालाब के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। यहां लिमों निवासी 36वर्षीय शेख अमीर, 24 वर्षीय प्रमोद कुमार पोर्ते, 50 वर्षीय जयराम पटेल को पकड़ा गया। इनके कब्जे और फड़ से 650 रुपये नकद तथा ताश की गड्डी जब्त की गई। 18 अक्टूबर को पुलिस को ग्राम हरडंडा के पीपल चौक के पास जुआ खेलने की सूचना मिली। कार्रवाई के दौरान हरडंडा निवासी 40 वर्षीय छन्नुदास बंजारे, 38 वर्षीय शिव सतनामी को कथित तौर पर ताश पर दांव लगाते पकड़ा गया। पुलिस ने इनके पास से 720 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की। ग्राम लालपुर स्थित गोठान के पास जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। यहां लालपुर निवासी 33 वर्षीय छन्नु पटेल, 46 वर्षीय सबित लाल, 48 वर्षीय फुलदास पटेल और 35 वर्षीय परशु राम पटेल को पकड़ा गया। इनके कब्जे और जुआ फड़ से 810 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की गई।