October 17, 2026


पुराना रास्ता बंद तीन किमी घूमने मजबूर : मोतीनाला पुल निर्माण भी अधूरा

खैरागढ़: विकास कार्य लोगों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए किए जाते हैं, लेकिन जब किसी निर्माण के कारण वर्षों से इस्तेमाल हो रहा रास्ता बंद हो जाए और लोगों को रोजाना अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़े, तो यही विकास परेशानी का कारण बन जाता है। नगर के वार्ड क्रमांक 20 इंदिरा आवास के रहवासी इन दिनों इसी समस्या से जूझ रहे हैं। कन्या महाविद्यालय का निर्माण शुरू होने के बाद रानी रश्मि देवी महाविद्यालय के सामने से गुजरने वाला पुराना आवागमन मार्ग बंद हो गया है। इससे नाराज महिला, पुरुष और बच्चों सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर रास्ता दोबारा चालू कराने की मांग की। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो चक्काजाम करने के साथ चुनाव का बहिष्कार भी किया जाएगा।

 तीन किलोमीटर का अतिरिक्त सफर, रोजमर्रा के काम प्रभावित

वार्डवासियों ने बताया कि वे वर्षों से इस रास्ते का इस्तेमाल आवागमन के लिए करते आ रहे हैं। अब इसे महाविद्यालय की जमीन बताते हुए बंद कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से इंदिरा आवास के पीछे से ग्राम हिरावाही मार्ग की तरफ जाने का विकल्प दिया जा रहा है। इससे लोगों को करीब तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। इसका असर रोजमर्रा के कामकाज के साथ बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की आवाजाही पर भी पड़ेगा। रहवासियों का कहना है कि पुराने रास्ते के बंद होने से उन्हें बेवजह लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा।

वैकल्पिक मार्ग की सुरक्षा पर भी सवाल

वार्डवासियों ने वैकल्पिक रास्ते को असुरक्षित बताते हुए कहा कि शाम के समय वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। ऐसे में महिलाओं और बच्चों का इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो सकता है। दूसरी ओर, मोतीनाला पुल वर्षों से अधूरा पड़ा है, जिससे पहले से ही आवागमन में दिक्कतें आ रही हैं। रहवासियों ने आशंका जताई कि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस के पहुंचने में भी परेशानी हो सकती है। उनका कहना है कि यह मामला केवल अतिरिक्त दूरी का नहीं, बल्कि सुरक्षित और सुगम आवागमन का भी है।

 प्रशासन से समाधान की मांग, नहीं तो आंदोलन

कलेक्टर कार्यालय पहुंचे वार्डवासियों ने पुराने रास्ते को फिर से शुरू करने अथवा सुरक्षित और सुविधाजनक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो चक्काजाम कर आंदोलन किया जाएगा और चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने अपर कलेक्टर, एसडीएम और नगर पालिका के सीएमओ को मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने तथा समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान पार्षद दिलीप लहरे, उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान, विमल बोरकर, शशि रामटेक, मंगल रजक, रामकुमार पांडे, मन्नू वर्मा, दिनदयाल पटवा, रिंकू खान, सन्नी देवांगन, लता प्रजापति, रेणुका सोनी, अर्पण सोनी, भुवनेश्वरी रजक, निशा खान, आशा बाई, मेनका, नेहा मड़ावी, लीला यादव, प्रियंका सोनी, रफीकुन निशा, रतनी यादव, बिंदा पटेल, उर्मिला पांडे, चंपी, झामन बाई, अजमेरुन निशा, सुनीता रजक, सुनीता श्रीवास और गौरी व अन्य मौजूद रहे।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch