May 28, 2026


श्रमदान, स्वच्छता और श्रद्धांजलि के साथ मनाई गई पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी की 132वीं जयंती

खैरागढ़। हिंदी साहित्य के पुरोधा, माटी पुत्र एवं युगद्रष्टा साहित्यकार पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी की 132वीं जयंती बुधवार को खैरागढ़ में गरिमामय वातावरण में मनाई गई। नगर पालिका परिषद, विभिन्न सेवाभावी संस्थाओं एवं पीएमश्री पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शाला परिवार के संयुक्त तत्वावधान में “श्रमदान अपनी मातृभूमि के नाम” विशेष स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत राजा फतेह सिंह मैदान से हुई, जहां नगर पालिका परिवार, सामाजिक संगठनों, साहित्यप्रेमियों, पत्रकारों, विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश लिए सहभागी नगर भ्रमण पर निकले और लोगों को सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा मातृभूमि के प्रति अपने दायित्व निभाने के लिए जागरूक किया।

स्वच्छता अभियान के बाद सभी सहभागी पीएमश्री पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शाला पहुंचे, जहां बख्शी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य अनुराग सिंह के स्वागत उद्बोधन से हुई। वहीं श्रीमती वंदना टांडेकर ने स्वच्छता अभियान की जानकारी दी।

इस अवसर पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि बख्शी जी के साहित्यिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए आगामी वर्षों में विशेष आयोजन की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि संस्कृति विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा तथा प्रस्तावित नालंदा परिसर में बख्शी जी की कृतियों के लिए विशेष कक्ष विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि बख्शी जी ने खैरागढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर साहित्यिक पहचान दिलाई। उन्होंने स्वच्छता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की शपथ भी दिलाई।

नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर एवं डॉ. राजन यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। संचालन शिक्षक रुपेश कुमार देवांगन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शाला विकास समिति अध्यक्ष शशांक ताम्रकार ने किया।

कार्यक्रम में बख्शी जी के पौत्र नितेश बख्शी, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत राम वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, साहित्यप्रेमी, पत्रकार एवं युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन के दौरान मातृभूमि प्रेम, सामाजिक एकता और सेवा भावना का वातावरण बना रहा। उपस्थित नागरिकों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch