July 29, 2026


विकास कार्यों पर राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी आदत जनता सब जानती है : रवि सिन्हा

"मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं महापौर मधुसूदन यादव के नेतृत्व में राजनांदगांव तेजी से आगे बढ़ रहा है"

राजनांदगांव, 28 जुलाई :- भाजपा पार्षद एवं अध्यक्ष, शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय जनभागीदारी समिति रवि सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले के बयान को तथ्यहीन, भ्रामक और राजनीतिक हताशा का परिचायक बताते हुए कहा कि कांग्रेस के पास जनहित का कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं बचा है। इसलिए वह विकास कार्यों को लेकर जनता में भ्रम फैलाने का असफल प्रयास कर रही है।

रवि सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन, विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव के लोकप्रिय विधायक डॉ. रमन सिंह के सतत मार्गदर्शन तथा महापौर श्री मधुसूदन यादव के दूरदर्शी नेतृत्व में नगर निगम राजनांदगांव शहर के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि महापौर मधुसूदन यादव स्वयं नियमित रूप से शहर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हैं तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सतत सक्रिय रहते हैं। उनका कार्य करने का तरीका जनहित और जवाबदेही पर आधारित है। यही कारण है कि नगर निगम की विकास योजनाएं लगातार गति पकड़ रही हैं।

रवि सिन्हा ने कहा कि बरसात के मौसम में सड़कें प्रभावित होना एक स्वाभाविक स्थिति है, लेकिन नगर निगम ने इसे गंभीरता से लेते हुए सभी क्षेत्रों का सर्वे कर मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया है। मौसम अनुकूल होते ही स्थायी मरम्मत एवं डामरीकरण का कार्य भी तेजी से कराया जाएगा। इसी प्रकार बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को सुधारने तथा नए विद्युत खंभों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया भी लगातार जारी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह नहीं भूलना चाहिए कि वर्षों तक सत्ता में रहने के दौरान उसने शहर को अव्यवस्थित आधारभूत सुविधाओं और अधूरे विकास कार्यों की सौगात दी थी। आज जब भाजपा की डबल इंजन सरकार उन कमियों को दूर कर रही है, तब कांग्रेस केवल बयानबाजी कर अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने का प्रयास कर रही है।

रवि सिन्हा ने कहा कि महापौर मधुसूदन यादव ने नगर निगम को पारदर्शी, जवाबदेह और विकासोन्मुख बनाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उनकी कार्यशैली संवाद, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई पर आधारित है। नगर निगम की पूरी टीम बारिश के बीच भी सड़क मरम्मत, सफाई, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार मैदान में कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति केवल आरोप लगाने की नहीं, बल्कि समाधान देने की राजनीति है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और महापौर मधुसूदन यादव के नेतृत्व में राजनांदगांव विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। जनता भाजपा की नीयत, नीति और विकास कार्यों पर पूर्ण विश्वास रखती है।

रवि सिन्हा ने कांग्रेस से आग्रह किया कि वह झूठे आरोपों और भ्रम फैलाने की राजनीति छोड़कर शहर के विकास में सकारात्मक सहयोग करे। राजनांदगांव की जनता अब विकास और प्रदर्शन के आधार पर निर्णय करती है, इसलिए केवल बयानबाजी और आंदोलन की धमकियों से जनता गुमराह होने वाली नहीं है।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch