October 20, 2026


30 घंटे तक मुस्तैद रहेगी पुलिस नशे में हुड़दंग किया तो होगी कार्रवाई

अंबागढ़ चौकी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दशहरा उत्सव की तैयारी पूरी, सुरक्षा व्यवस्था के लिए समितियों को सख्त हिदायत कालेज मैदान में 30 फीट के रावण का होगा दहन, रामलीला और आतिशबाजी भी होगी

राजनांदगांव: अंबागढ़ चौकी नगर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दशहरा उत्सव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन 30 घंटे से अधिक समय तक मुस्तैद रहेगा। विसर्जन शोभायात्राओं में नशे में मिलने, हुड़दंग करने, मारपीट या हथियार लेकर चलने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रविवार को थाना परिसर में हुई शांति सुरक्षा समिति की बैठक में प्रशासन ने दुर्गोत्सव समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए।

तहसीलदार नेहा विश्वकर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में थाना प्रभारी अश्वनी राठौर सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। नगर की परंपरा के अनुसार, मंगलवार रात दशहरा उत्सव के बाद राजबाड़ा, हल्बापारा और सुभाष चौक के दुर्गोत्सव पंडालों से प्रतिमाओं की शोभायात्रा निकाली जाएगी। बाजे-गाजे के साथ नगर भ्रमण करते हुए शोभायात्रा भोर तक शिवनाथ नदी तट पहुंचेगी।

बुधवार शाम छह बजे से शहीद भगत सिंह वार्ड, बस स्टैंड, कुम्हारपारा, पटेलपारा और शंकरपारा की प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस निकलेगा। संबंधित समितियों के अनुसार, इन प्रतिमाओं का विसर्जन मध्यरात्रि से पहले पूरा कर लिया जाएगा। बाकी प्रतिमाओं का विसर्जन मंगलवार और बुधवार को होगा।

 कालेज मैदान में जलेगा 30 फीट का रावण

दशहरा उत्सव समिति की ओर से कालेज मैदान में आयोजन की तैयारी की जा रही है। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष भी 30 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। इससे पहले मोंगरा की रामधुनी मंडली रामलीला का मंचन करेगी। आयोजन में आकाशीय आतिशबाजी भी आकर्षण रहेगी। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और पार्किंग की व्यवस्था की है।

 डीजे और सुरक्षा नियमों का पालन जरूरी

प्रशासन ने सभी दुर्गोत्सव समितियों को निर्देश दिया है कि शोभायात्रा के दौरान पुलिस बल तैनात रहेगा। नशे में मिलने, हथियार रखने, हुड़दंग करने या मारपीट में शामिल होने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार नेहा विश्वकर्मा और थाना प्रभारी अश्वनी राठौर ने समितियों से सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप डीजे बजाने और जिला प्रशासन के आदेशों का पालन करने की अपील की है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch