February 01, 2026


ट्रंप की आव्रजन नीतियों के खिलाफ अमेरिका में विरोध तेज, कोई काम नहीं, कोई स्कूल नहीं के लगे नारे

वाशिंगटन :  ट्रंप प्रशासन की आव्रजन नीतियों के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने पूरे अमेरिका में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया। इस दौरान ''कोई काम नहीं, कोई स्कूल नहीं, कोई खरीदारी नहीं'' के नारे लगाए गए। लॉस एंजिलिस में प्रदर्शन के दौरान संघीय एजेंटों ने केमिकल स्प्रे का उपयोग किया। डेमोक्रेटिक प्रतिनिधि मैक्सिन वाटर ने प्रदर्शन में भाग लिया।

ये प्रदर्शन उस समय हो रहे हैं जब मिनियापोलिस में हाल ही में संघीय एजेंटों की गोलीबारी में अमेरिकी नागरिकों की मौत हो गई थी। एरिजोना, कोलोराडो और अन्य प्रांतों के कुछ स्कूलों ने सामूहिक अनुपस्थिति की आशंका के चलते पहले से ही कक्षाएं रद कर दी हैं। मिनियापोलिस में भी कई दिनों से विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

कई कारोबारियों ने शुक्रवार के ''ब्लैकआउट'' के दौरान बंद रहने की घोषणा की। कुछ काराबारियों ने कहा कि वे कारोबार करेंगे, लेकिन अपने लाभ का एक हिस्सा उन संगठनों को दान करेंगे जो प्रवासियों का समर्थन करते हैं और निर्वासन का सामना कर रहे लोगों को कानूनी सहायता देते हैं।

आव्रजन कार्रवाई पर रोक लगाने से जज ने किया इनकारन्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार मिनिसोटा में एक संघीय जज ने शनिवार को राज्य सरकार और मिनियापोलिस और सेंट पाल शहरों द्वारा संघीय आव्रजन एजेंटों की तैनाती पर अस्थायी रोक लगाने के अनुरोध को खारिज कर दिया, जिसके कारण गोलीबारी की तीन घटनाएं, हजारों गिरफ्तारियां और हफ्तों तक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

एक संघीय न्यायाधीश कैथरीन एम. मेनेंडेज ने राज्य के अटार्नी जनरल कीथ एलिसन और मिनियापोलिस और सेंट पाल के मेयरों द्वारा दायर मुकदमे में किए गए प्रारंभिक निषेधाज्ञा के अनुरोध को शनिवार को अस्वीकार कर दिया।

मुकदमे में तर्क दिया गया कि स्थानीय अधिकारियों की आपत्तियों के बावजूद डेमोक्रेटिक-नेतृत्व वाले मिनेसोटा में लगभग तीन हजार आव्रजन एजेंटों को भेजने का निर्णय 10वें संशोधन के तहत राज्य की संप्रभुता का उल्लंघन है। अमेरिकी न्याय विभाग के वकीलों ने इस मुकदमे को निरर्थक बताया है।

जज ने लिखा कि राज्य और स्थानीय सरकारें यह दिखाने में विफल रही हैं कि तैनाती ने संवैधानिक सीमा का उल्लंघन किया है। इस बीच मिनियापोलिस के निवासी कार्रवाई से बचने के लिए पासपोर्ट गले में टांगकर घूम रहे हैं, क्योंकि आव्रजन अधिकारी बेतरतीब ढंग से लोगों को रोककर पहचान पत्र मांगते हैं या पूछते हैं: आपका जन्म कहां हुआ था।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch