May 13, 2022


राजीव कुमार बने नए मुख्य चुनाव आयुक्त, इन्हीं के कार्यकाल में होगा 2024 में आम चुनाव

15 मई 2022 को संभालेंगे कार्यभार, राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति का भी कराएंगे चुनाव

नई दिल्ली। चुनाव आयुक्त राजीव कुमार (Rajeev Kumar) को 12 मई 2022 को अगला मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है।

कानून मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, वह 15 मई 2022 को कार्यभार संभालेंगे। निवर्तमान सीईसी सुशील चंद्रा का कार्यकाल 14 मई 2022 को समाप्त हो रहा है।

अपने ट्विटर हैंडल पर अधिसूचना और एक प्रेस विज्ञप्ति पोस्ट करते हुए, कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कुमार को शुभकामनाएं दीं।

अधिसूचना में कहा गया है, राष्ट्रपति राजीव कुमार को संविधान के अनुच्छेद 324 के खंड (2) के अनुसार 15 मई, 2022 से मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त करते हुए प्रसन्न हैं।

चंद्रा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद चुनाव आयोग में एक पद रिक्त हो जाएगा। 1960 में जन्में कुमार का कार्यकाल फरवरी 2025 में समाप्त होगा।

राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव के अलावा उनके कार्यकाल में 2024 लोकसभा चुनाव और कई विधानसभा चुनाव होंगे।

चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त होने से पहले राजीव कुमार सार्वजनिक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) के अध्यक्ष थे। उन्होंने तत्कालीन चुनाव आयुक्त अशोक लवासा के इस्तीफे के बाद 1 सितंबर, 2020 को चुनाव आयुक्त के रूप में पदभार संभाला था।

भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1984 बैच के बिहार/झारखंड कैडर के  अधिकारी राजीव कुमार फरवरी 2020 में सेवानिवृत्त हुए थे।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch