August 05, 2026


मिशन वात्सल्य की समीक्षा :पात्र बच्चों तक समय पर लाभ पहुंचाने पर कलेक्टर का जोर

 सुकमा :  कलेक्टर अमित कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित हुई, जिसमें मिशन वात्सल्य (एकीकृत बाल संरक्षण योजना) के तहत जिले में संचालित बाल संरक्षण गतिविधियों और योजनाओं की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक में बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड में लंबित प्रकरणों, रिक्त पदों की स्थिति, बाल देखरेख संस्थाओं के निरीक्षण, गुमशुदा बच्चों की खोज, आयु सत्यापन तथा विभिन्न संस्थाओं में रह रहे बच्चों के निवास एवं जाति प्रमाण-पत्र तैयार करने की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में स्पॉन्सरशिप एवं आफ्टर केयर योजना से लाभान्वित बच्चों की स्थिति, 'बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान' के प्रभावी संचालन तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में पीड़ित बालिकाओं को शासन की विभिन्न सहायता योजनाओं का समयबद्ध लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही मिशन वात्सल्य के अंतर्गत सीएसआर एवं डीएमएफ मद से बाल संरक्षण कार्यों के लिए वाहन उपलब्ध कराने, बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड के भवन निर्माण तथा चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों पर भी महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया।

कलेक्टर अमित कुमार ने सभी विभागों को बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र बच्चों तक समयबद्ध लाभ पहुंचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री मोनिका ठाकुर, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी रीतिश टंडन सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम, समाज कल्याण, सखी वन स्टॉप सेंटर एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch