आरंग। वार्ड क्रमांक-1 स्थित जलमग्न कॉलोनी में बारिश के पानी के भराव की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हो गया। गुरुवार को नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की सहायता से अस्थायी नाली बनाकर कॉलोनी में जमा बारिश के पानी की निकासी शुरू कराई। इससे कई दिनों से जलभराव की समस्या से परेशान रहवासियों को बड़ी राहत मिली।
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी से वर्षा जल की स्वाभाविक निकासी जिस दिशा में होती है, वह भूमि निजी स्वामित्व की है। निकासी मार्ग बाधित होने के कारण पूरी कॉलोनी में पानी भर गया था। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन के हस्तक्षेप के बाद संबंधित निजी भूमि पर अस्थायी नाली तैयार कर पानी निकासी का मार्ग बनाया गया, जिससे कॉलोनी में भरा पानी तेजी से बाहर निकलने लगा।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने बताया कि शिकायत प्राप्त होते ही पालिका प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि संबंधित कॉलोनी नगर पालिका परिषद की स्वीकृत कॉलोनी नहीं है। इसी कारण वहां अब तक सड़क और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास नहीं हो पाया है, जिसके चलते हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बन जाती है।
जल निकासी शुरू होने से राहत महसूस कर रहे कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने मांग की कि भविष्य में इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नियमित नाली एवं अन्य आवश्यक अधोसंरचना का निर्माण कराया जाए, ताकि हर बारिश में जलभराव की परेशानी से मुक्ति मिल सके।