आरंग : गांधी इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, आरंग के विद्यार्थियों ने ब्लॉक स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में कराटे स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। शानदार प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के छह विद्यार्थियों का जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है।
अंडर-17 आयु वर्ग में महत्व नाथ योगी, चिराग चंदानी, आर्या श्री एवं कृतिका साहू ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर अपनी जगह बनाई। वहीं अंडर-14 आयु वर्ग में श्लोक पुरी गोस्वामी एवं लावण्या पाल का भी जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
विद्यालय के प्राचार्य हरेश कुमार दास, एकेडमिक प्रभारी पुष्पलता जॉर्ज तथा समस्त विद्यालय परिवार ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने की कामना की है।
विद्यालय प्रबंधन ने चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित करने की घोषणा भी की है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में हर्ष का माहौल है तथा अभिभावकों ने भी खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है।