October 19, 2026


सिंधु गरबा उत्सव में झूम रहा सिंधी समाज

गौरव पथ स्थित ऑडिटोरियम में रोजाना उमड़ रहा उत्साह शारदीय नवरात्रि पर सिंधी पंचायत युवा विंग की शानदार पहल

राजनांदगांव: शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर संस्कारधानी राजनांदगांव में भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। सिंधी पंचायत युवा विंग द्वारा गौरव पथ स्थित ऑडिटोरियम में सिंधु गरबा उत्सव का शानदार आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन आयोजित हो रहे इस उत्सव में सिंधी समाज की महिलाएं, युवक-युवतियां उत्साहपूर्वक शामिल होकर गरबा की रंगीन प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय और आनंदमय बना रहे हैं।

पूज्य सिंधी पंचायत के प्रवक्ता एवं चौखडिय़ा पारा के पूर्व पार्षद अशोक पंजवानी ने बताया कि गरबा के पारंपरिक रंगों, संगीत की मधुर धुनों और सामूहिक नृत्य के बीच पूरा आयोजन स्थल उत्सव के उल्लास से सराबोर नजर आ रहा है। सिंधु गरबा उत्सव को लेकर सिंधी समाज के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। महिलाएं और युवतियां पारंपरिक परिधानों में गरबा की प्रस्तुतियों में हिस्सा ले रही हैं, वहीं युवक भी पूरे जोश के साथ आयोजन में भागीदारी निभा रहे हैं। सामूहिक गरबा के माध्यम से आपसी मेल-मिलाप, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक सौहार्द की भावना मजबूत हो रही है। आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं में समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

 समिति गठित कर सौंपी गई जिम्मेदारियां

उत्सव को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए एक समिति का गठन किया गया है। समिति में अध्यक्ष की जिम्मेदारी कौशल शर्मा को सौंपी गई है, जबकि कमल गंगवानी उपाध्यक्ष और जितेंद्र घनश्यानी सचिव के रूप में आयोजन से जुड़े दायित्व निभा रहे हैं। समिति के सदस्य पंकज जेठानी, अमित पंजवानी, राहुल तेजवानी, लकी रूपवानी, यश फगवानी, दीपक तोतवानी और शक्ति वाधवानी भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं। समिति के माध्यम से कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और समाज की सहभागिता को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

 समाजजनों से शामिल होकर आयोजन सफल बनाने की अपील

अशोक पंजवानी ने सिंधी समाज के सभी लोगों से सिंधु गरबा उत्सव में शामिल होकर कार्यक्रम की रौनक बढ़ाने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि जैसे पावन अवसर पर इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज को एक मंच पर लाने के साथ ही हमारी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सिंधु गरबा उत्सव के जरिए राजनांदगांव में नवरात्रि का उल्लास और सामाजिक एकजुटता का संदेश देखने को मिल रहा है। मां दुर्गा की आराधना के बीच गरबा की उमंग ने उत्सव को खास बना दिया है और समाज के लोगों में इस आयोजन को लेकर लगातार उत्साह बना हुआ है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch