मोहला : नवरात्र पर बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने और शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय हाईस्कूल ककईपार के सहायक शिक्षक (विज्ञान) धर्मेन्द्र कुमार कौशिक ने आंगनबाड़ी केंद्र ए ककईपार के 15 बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
शिक्षक ने बच्चों को स्कूल बैग, कापियां, पहाड़ा, कंपास बाक्स, पेंसिल, रबर, कटर और चाकलेट दी। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से शिक्षण गतिविधियों में भाग लेने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चम्पीबाई और सहायिका नीरा बाई भंडारी ने इस पहल की सराहना करते हुए शिक्षक के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ाते हैं। इस पहल को जिला शिक्षा अधिकारी पीएल साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार देवांगन, संस्था के प्राचार्य राजकुमार देवांगन और शेरपार उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के व्याख्याता संजय देवांगन का मार्गदर्शन मिला।