राजनांदगांव :- स्थानीय बजरंगपुर नवागांव स्थित छात्रावास में आज नवनियुक्त छात्रसंघ के गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह का उद्देश्य छात्रावास में अनुशासन, आपसी सहयोग, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष हैरी जोसेफ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं युवा मोर्चा उत्तर मंडल के महामंत्री सुरेंद्र पाल सिंह भाटिया ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। युवा मोर्चा के उत्तर मंडल महामंत्री रिभय यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह के दौरान नवनियुक्त छात्रसंघ पदाधिकारियों को उनके दायित्वों एवं कर्तव्यों की जानकारी देते हुए शपथ दिलाई गई। छात्रसंघ के नवनियुक्त अध्यक्ष देवेंद्र चंद्रवंशी सहित अन्य पदाधिकारियों ने छात्रावास की व्यवस्था, विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान, अनुशासन बनाए रखने तथा सामूहिक हित में कार्य करने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि हैरी जोसेफ ने अपने संबोधन में कहा कि छात्र जीवन व्यक्ति के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। छात्रसंघ विद्यार्थियों को अपनी जिम्मेदारियों को समझने और सामूहिक रूप से कार्य करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुरेंद्र पाल सिंह भाटिया ने कहा कि छात्रसंघ विद्यार्थियों के बीच एकता, सहयोग और नेतृत्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। छात्रसंघ के पदाधिकारियों को सभी विद्यार्थियों को साथ लेकर चलना चाहिए तथा छात्रावास की सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इस अवसर पर निगरानी समिति के अध्यक्ष गेमूलाल कुंजाम, उत्तर मंडल भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के महामंत्री मनीष ध्रुव, छात्रावास अधीक्षक अम्ब्रीश प्रजापति, नवनियुक्त छात्रसंघ अध्यक्ष देवेंद्र चंद्रवंशी, प्रतीक योगी, तुषार देशमुख सहित छात्रावास के विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। समारोह का समापन नवनियुक्त छात्रसंघ पदाधिकारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देने के साथ हुआ।