November 23, 2026


धान खरीदी में एक प्रतिशत सुखत देने की मांग टोकन व्यवस्था में बदलाव का भी उठा मुद्दा

राजनांदगांव: भाजपा कार्यालय में जिला सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक आलोक मिश्रा की अध्यक्षता में प्राधिकृत अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धान खरीदी टोकन व्यवस्था, धान में सुखत और शार्टेज, समितियों को मिलने वाले कमीशन तथा कर्मचारियों के वेतन सहित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में लघु किसानों को धान बेचने के लिए एक बार टोकन दिए जाने की व्यवस्था पर आपत्ति जताई गई। अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित तारीख पर किसी कारणवश किसान धान नहीं ला पाता तो उसका टोकन स्वतः निरस्त हो जाता है। ऐसे में किसानों को दोबारा टोकन देने की व्यवस्था पूर्व की भांति बहाल करने की मांग की गई। प्राधिकृत अधिकारियों ने बताया कि समितियां किसानों से 17 प्रतिशत नमी वाला धान खरीदती हैं, लेकिन मिलर या संग्रहण केंद्रों को धान सौंपते समय नमी शून्य प्रतिशत हो जाती है। इसका आर्थिक नुकसान समितियों को उठाना पड़ता है। अधिकारियों ने सरकार से मांग की कि 17 प्रतिशत नमी पर धान खरीदी होने की स्थिति में समितियों को भी कम से कम एक प्रतिशत सुखत दिया जाए। अन्यथा यह सुनिश्चित किया जाए कि खरीदी के साथ ही धान का उठाव हो, ताकि समितियों को नुकसान न उठाना पड़े। 

बैठक में बताया गया कि समितियां किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने सहित शासन की विभिन्न योजनाओं का संचालन करती हैं, लेकिन खाद-बीज वितरण में उन्हें कोई आर्थिक लाभ नहीं मिलता। उल्टे परिवहन शुल्क के रूप में लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं। वहीं धान खरीदी से मिलने वाला कमीशन भी सुखत और शार्टेज के कारण प्रभावित हो रहा है। कमीशन पर निर्भर समितियों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। स्थिति यह है कि कई समितियों के कर्मचारियों को लंबे समय से वेतन तक नहीं मिल पाया है। बैठक में प्रदेश मीडिया प्रभारी महेंद्र वैष्णव, जिला सहकारिता प्रकोष्ठ कार्यकारिणी सदस्य हिरेंद्र साहू खोराटोला, टीकम पांडे, पुरुषोत्तम साहू, मोतीलाल जंघेल तथा प्राधिकृत अधिकारी हिरेंद्र साहू, रामकुमार गुप्ता, अनिरुद्ध चंद्राकर, नकुल नेताम, धन्ना यादव, राजेश्वर ध्रुव सहित विभिन्न सोसायटियों के प्राधिकृत अधिकारी उपस्थित रहे।




Advertisement

Tranding News

Get In Touch