May 28, 2026


तीन दिन में 3.8 डिग्री गिरा पारा, अब अंधड़ और बारिश के आसार

राजनांदगांव: नवतपा के बीच राजनांदगांव में भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। पिछले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो पूरे मई महीने में सबसे कम रहा। रात के तापमान में भी कमी आई है और यह 29 डिग्री से घटकर 27 डिग्री तक पहुंच गया है। हालांकि तापमान में गिरावट के बावजूद उमस और गर्म हवाओं से लोगों की परेशानी बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल दो दिन तक तापमान में बहुत बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन 29 मई से मौसम करवट ले सकता है। अंधड़, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत दिए गए हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वातावरण में नमी बढ़ने और सक्रिय मौसमी सिस्टम के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना बन रही है।

25 मई को राजनांदगांव का तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो इस गर्मी का सबसे गर्म दिन रहा। इसके बाद लगातार दूसरे दिन तापमान 45.5 डिग्री तक गिरा और अब यह 42 डिग्री के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश की गतिविधियां बढ़ने पर तापमान में और गिरावट आ सकती है। भीषण गर्मी का असर अब भी जनजीवन पर दिखाई दे रहा है। घरों की छतों पर रखी पानी की टंकियों का पानी गर्म हो रहा है। कूलर और एसी भी दोपहर के समय राहत नहीं दे पा रहे। बिजली खपत में तेजी आई है और सामान्य परिवारों में भी प्रतिदिन 10 यूनिट तक बिजली खर्च हो रही है।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch