June 24, 2024


ब्यूटी पार्लर में दुल्हन हो रही थी तैयार,प्रेमी ने गोली मारकर कर दी हत्या

झांसी :  झांसी केसीपरी बाजार थानाक्षेत्र के एक ब्यूटी पार्लर में शादी के लिए तैयार हो रही लड़की की उसके प्रेमी ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या से पहले प्रेमी ने लड़की को अपने साथ चलने को कहा। लड़की ने जाने से मना किया तो प्रेमी ने तमंचा निकाला और प्रेमिका के सीने में गोली मार दी। घटना को अंजाम देकर प्रेमी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के दतिया जिले की काजल की शादी झांसी के सिमथरी के रहने वाले राज से तय हुई थी। काजल की शादी का कार्यक्रम झांसी के सीपरी बाजार स्थित एक विवाह घर में रखा गया था। बारात के स्वागत की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दुल्हन मेकअप कराने के लिए पास के एक ब्यूटी पार्लर गई।

दुल्हन का पीछा कर रहा प्रेमी दीपक वहां पहुंच गया और पार्लर का कांच तोड़ कर जबरन अंदर दाखिल हो गया। उसने दुल्हन से साथ चलने की जिद की। मना करने पर तमंचे से दुल्हन के सीने में गोली मारी जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।

ब्यूटी पार्लर की संचालक जानवी ने बताया कि जब वह दुल्हन का मेकअप कर रही थी तभी एक लड़का आया। उसके मुंह पर काला कपड़ा बंधा हुआ था। लड़के ने काजल से अपने साथ चलने को कहा। जब उसने मना कर दिया, तो इसके बाद लड़के ने पार्लर का गेट का कांच तोड़कर अंदर हाथ से कुंडी खोली। पार्लर में घुसकर दुल्हन को गोली मार कर भाग गया।

अरेस्‍ट करने के लिए दो टीमें बनीं

एसएसपी राजेश एस ने बताया कि सीपरी बाजार थानाक्षेत्र में लड़की को गोली लगने की सूचना मिली थी। इलाज के दौरान डॉक्टर ने बताया कि लड़की की मौत हो गई है। लड़की मध्यप्रदेश के दतिया जनपद के सोनागिर थानाक्षेत्र की रहने वाली थी। जो लड़का है, वह इससे बात करता था और वह पीछा करते हुए यहां तक आया और यहां घटना को अंजाम दिया। लड़के को गिरफ्तार करने के लिए दो टीमें दतिया जनपद के लिए रवाना की गई हैं। जिस लड़की की गोली लगने से मौत हुई है, उसकी शादी होनी थी।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch