June 04, 2026


घुमका की जनता ने भाजपा को दिखाया आईना : संतोष पिल्ले

अहंकार और निरंकुशता नहीं छोड़ी तो आने वाले चुनावों में भी जनता सिखाएगी सबक, कांग्रेस की जीत से कार्यकर्ताओं में उत्साह*

राजनांदगांव :- घुमका नगर पंचायत चुनाव परिणामों को भाजपा की नीतियों और कार्यशैली के खिलाफ जनता का स्पष्ट संदेश बताते हुए नगर निगम नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने कहा कि डबल इंजन सरकार का दावा करने वाली भाजपा को जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा अपने अहंकार और निरंकुश रवैये को नहीं छोड़ती है तो भविष्य में भी जनता इसी तरह जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।

श्री पिल्ले ने घुमका नगर पंचायत के आम चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह चुनाव परिणाम जनता की भावना और भाजपा सरकार की कार्यशैली के प्रति लोगों की नाराजगी का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र में सत्ता में होने के बावजूद भाजपा जनता की मूलभूत समस्याओं को दूर करने में असफल रही है जिसका जवाब मतदाताओं ने चुनाव में दिया है। श्री पिल्ले ने कहा कि भाजपा लगातार डबल इंजन सरकार का प्रचार करती रही लेकिन घुमका की जनता ने यह साबित कर दिया कि केवल नारों और दावों से विकास नहीं होता। जनता अपने अधिकारों, सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देती है। जब जनप्रतिनिधि और सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरते तब मतदाता लोकतांत्रिक तरीके से अपना निर्णय सुनाते हैं। उन्होंने कहा कि घुमका नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने अध्यक्ष पद सहित चार वार्डों में जीत दर्ज कर यह साबित कर दिया है कि जनता का भरोसा कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत पर लगातार बढ़ रहा है। इस जीत ने कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान की है। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं का मनोबल बढ़ा है तथा आने वाले चुनावों के लिए सकारात्मक माहौल बना है। श्री पिल्ले ने कहा कि भाजपा को इस परिणाम से सबक लेना चाहिए और जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए अपने कार्य व्यवहार में बदलाव लाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भाजपा का अहंकार नहीं टूटा और उसकी निरंकुश कार्यशैली जारी रही तो आने वाले समय में प्रदेश और स्थानीय निकायों के अन्य चुनावों में भी जनता इसी प्रकार जवाब देगी। उन्होंने घुमका की जनता, कांग्रेस प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जीत की बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देकर उनके हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी। यह जीत जनता के विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और कांग्रेस की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता की जीत है।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch