October 19, 2026


दो गांवों के पास बाघ की दस्तक बैल का किया शिकार

कलवर में खेत में बंधे बैल का शिकार, हालेपायली के पास भी दिखा बाघ; वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

राजनांदगांव: मोहला-मानपुर जिले के दक्षिण वन क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत है। दो दिन के भीतर करीब 20 से 30 किलोमीटर के अंतर पर स्थित दो गांवों के पास बाघ की मौजूदगी सामने आई है। मोहला विकासखंड के कलवर गांव के पास बाघ ने खेत में बंधे बैल का शिकार कर लिया, वहीं हालेपायली के पास बाघ दिखने और पगमार्क मिलने की जानकारी सामने आई है। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानपुर ब्लाक मुख्यालय के पास स्थित कलवर गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में शुक्रवार देर शाम बाघ ने बैल का शिकार किया। बैल का बड़ा हिस्सा खाया हुआ मिला। ग्रामीणों को घटना की जानकारी शनिवार सुबह हुई। सूचना पर वन अमला मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।

घटनास्थल पर मिले निशानों से एक से अधिक बाघों की मौजूदगी की आशंका है। हालांकि, वन विभाग का कहना है कि पुख्ता प्रमाण और ट्रैप कैमरे में तस्वीर सामने आने के बाद ही बाघों की संख्या की पुष्टि की जा सकती है।

हालेपायली के पास भी मिले पगमार्क

महाराष्ट्र और बस्तर की सीमा से लगे औंधी-नवागांव उप वन परिक्षेत्र के हालेपायली गांव के पास भी शनिवार सुबह ग्रामीणों ने बाघ देखने की जानकारी दी। यहां बाघ के पगमार्क भी मिले हैं। वन विभाग ने इसकी पुष्टि की है। क्षेत्रीय वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रवीण देहारी के अनुसार, बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरों से निगरानी की जा रही है। साथ ही सुरक्षा संबंधी उपाय भी किए जा रहे हैं।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch