May 25, 2026


घर का ताला तोड़कर उड़ाए थे 60 हजार रुपये, डोंगरगढ़ पुलिस ने 24 घंटे में दबोचे दो शातिर चोर

डोंगरगढ़ :डोंगरगढ़ पुलिस ने चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए घर का ताला तोड़कर 60 हजार रुपये की नकदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भगत सिंह चौक वार्ड क्रमांक 19 निवासी 65 वर्षीय कुंती बाई ने थाना डोंगरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 मई 2026 को वह अपने पुत्र अनूप बाघ और परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गई थीं। 23 मई की सुबह करीब 7 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखी आलमारी का लॉकर भी क्षतिग्रस्त मिला। जांच करने पर आलमारी में रखी 60 हजार रुपये की नकदी गायब थी।

शिकायत के आधार पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 294/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के निर्देश पर प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान संदेह के आधार पर भगत सिंह चौक निवासी जेद अहमद (19 वर्ष) तथा रामनगर जेल रोड निवासी पिंकू फरकुंडे (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की रकम बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक रूपेश देवांगन, आरक्षक किशन चंद्रा, आरक्षक अशोक यादव और आरक्षक लीलाधर मंडलोई की विशेष सराहनीय भूमिका रही।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch