राजनांदगांव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित अमर्यादित बयानबाजी के विरोध में सोमवार को देर शाम भारतीय जनता युवा मोर्चा ने महाकाल मानव चौक पर पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ आक्रोश जताते हुए राजनीतिक विरोध में भाषा की मर्यादा बनाए रखने की मांग की। जिला अध्यक्ष चिंटू सोनकर ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों की आलोचना करना हर राजनीतिक दल का अधिकार है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणियों और अमर्यादित भाषा से सार्वजनिक जीवन की गरिमा प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
चिंटू सोनकर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा पूर्व में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मौत का सौदागर, चौकीदार चोर है जैसी टिप्पणियां की जा चुकी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि राजनीतिक विरोध के लिए व्यक्तिगत टिप्पणियां करना आखिर कितना उचित है। उनके अनुसार, लोकतंत्र में जनता से जुड़े मुद्दों, विकास और सरकारी नीतियों पर सार्थक बहस होनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के जरिए राजनीतिक माहौल को प्रभावित किया जाना चाहिए।
सकारात्मक राजनीति और युवाओं के मुद्दों पर जोर
युवा मोर्चा लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखता है और वैचारिक मतभेदों का स्वागत करता है, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर अमर्यादित बयानबाजी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि देश का युवा विकास के अवसरों, सकारात्मक राजनीति और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी चाहता है। राजनीतिक दलों को अनावश्यक विवादों के बजाय जनता की अपेक्षाओं और देश की प्रगति को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सह प्रशिक्षण प्रमुख समीर श्रीवास्तव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सागर वर्मा, जिला महामंत्री आशुतोष सिंह, जिला उपाध्यक्ष जयंत साहू, जिला मंत्री सुनील सेन, अभिषेक यदु, अलंकृत शर्मा, सुंदर पोद्दार, विशाल शर्मा, आदित्य पराते, महामंत्री रिभय यादव व अन्य मौजूद रहे।