October 28, 2026


कोहरे की धूंध के बीच हाईवे किनारे मौत के वाहन: हादसों को न्योता दे रही बेतरतीब पार्किंग

राजनांदगांव: गुलाबी ठंड के आगमन के साथ कोहरे ने भी दस्तक दे दी है, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही का खतरा बरकरार है। दुर्ग की तरफ सोमनी से लेकर अंजोरा तक और पेंड्री, तुमड़ीबोड़ और चिचोला के आसपास सड़क किनारे बड़े वाहन अघोषित पार्किंग की तरह खड़े रहते हैं। सर्द मौसम में दृश्यता कम होने के कारण तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहन चालकों को ऐसे खड़े वाहनों का अंदाजा समय पर नहीं मिल पाता। ऐसे में पीछे से टक्कर होने की आशंका बढ़ जाती है। सड़क किनारे खड़े भारी वाहन दूसरे वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं। सुबह चार से पांच बजे के बीच चालक वाहन को खड़ा कर अंदर में सो जाते हैं। इसके चलते दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है।

 चिचोला के पास पहले भी हो चुके हैं हादसे

बीते दो सालों से चिचोला के आसपास हाईवे किनारे खड़े वाहनों और कम दृश्यता को लेकर पहले भी दुर्घटनाएं हो रही है। इसके बावजूद लापरवाह वाहन चालक इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग से बड़ी संख्या में यात्री बसें भी चलती है। राजनांदगांव से जगदपुर, नागपुर, पुणे, मध्यप्रदेश, हैदाराबाद के लिए सीधी यात्री बसें दौड़ती हैं। सुबह के दौरान कोहरे के चलते हाइवे किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन नजर नहीं आते हैं।

 निगरानी का अभाव, कार्रवाई भी नहीं

हाईवे किनारे खड़े वाहनों की समस्या से निपटने के लिए पुलिस और यातायात विभाग को नियमित गश्त कर कार्रवाई करने की जरूरत है। लेकिन निगरानी के अभाव के चलते लापरवाह चालकों पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं हो पा रही है। यहीं कारण है कि वाहन चालकों की मनमानी चल रहीं हैं। चालक बेतरतीब तरीके से वाहनों को पार्किंग करते हैं। वाहनों को पार्किंग करने के बाद चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर की भी व्यवस्था नहीं की जाती है।

कोहरे में हाईवे पर हादसों से बचाव के उपाय

धीमी गति से चलाएं वाहन: कोहरे में दृश्यता कम होने पर वाहन की रफ्तार नियंत्रित रखें, ताकि अचानक सामने आए वाहन को देखकर समय पर ब्रेक लगाया जा सके।

 सुरक्षित दूरी बनाए रखें: आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी रखें। इससे अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में टक्कर से बचा जा सकता है।

 लो-बीम हेडलाइट का इस्तेमाल करें: घने कोहरे में लो-बीम लाइट जलाएं। हाई-बीम की रोशनी कोहरे से परावर्तित होकर दृश्यता और कम कर सकती है।

पार्किंग लाइट पर निर्भर न रहें: ड़क किनारे वाहन खड़ा करना पड़े तो उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाएं। केवल पार्किंग लाइट जलाकर हाईवे पर खड़े रहना पर्याप्त नहीं है।

 सड़क किनारे खड़े वाहनों से सावधान रहें: पेंड्री, तुमड़ीबोड़ और चिचोला जैसे स्थानों से गुजरते समय विशेष सतर्कता बरतें, जहां भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं।

 ओवरटेक करने से बचें: कोहरे में सामने से आने वाले वाहनों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। इसलिए अनावश्यक ओवरटेकिंग न करें।

 वाहन पर रिफ्लेक्टर लगाएं: भारी वाहनों के पीछे और किनारों पर रिफ्लेक्टिव टेप व चेतावनी संकेतक लगाना जरूरी है, ताकि कम दृश्यता में वाहन दूर से नजर आएं।

सड़क पर वाहन खड़ा करने से बचें: ट्रक और अन्य भारी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। हाईवे की लेन या मोड़ के पास पार्किंग दुर्घटना का कारण बन सकती है।

अचानक ब्रेक लगाने से बचें: गति नियंत्रित रखें और ब्रेक धीरे लगाएं, ताकि पीछे से आ रहे वाहनों को प्रतिक्रिया देने का समय मिल सके।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch