राजनांदगांव :- शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा स्थानीय सत्यानंद आश्रम में आयोजित सात दिवसीय आवासीय शिविर के द्वितीय दिवस में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं पतंजलि के जिला प्रभारी (रायपुर) राममणि शुक्ला पहुंचे। महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रवि सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर रवि सिन्हा ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया।
योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके सेवा कार्यों की सराहना की तथा योग एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। राममणि शुक्ला ने भी विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत कराया।
शिविर में स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न परियोजना कार्यों के साथ योगाभ्यास एवं रचनात्मक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कार्यक्रम में सत्यानंद आश्रम की अध्यक्ष तारिणी मीरानी एवं हेमंत तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री एस.आर. कन्नौजे ने किया।