May 28, 2026


युवा कांग्रेस संगठनात्मक चुनाव : 29 मई से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, पांच जोन में बंटेगा प्रदेश

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और युवाओं को नेतृत्व का अवसर देने के लिए संगठनात्मक चुनाव 2026 का बिगुल फूंक दिया है। राजनांदगांव जिले सहित पूरे प्रदेश में ब्लॉक और जिला स्तर पर संगठन के गठन हेतु चुनावी प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इस सांगठनिक चुनाव के तहत आगामी 29 मई से ऑनलाइन नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष के नामांकन और सदस्यता अभियान की अधिकृत तारीखों का ऐलान होना अभी बाकी है।

14 जून तक जमा होंगे ऑनलाइन फॉर्म, एक व्यक्ति-एक पद का नियम लागू

चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार 29 मई से 14 जून 2026 तक अपना नामांकन ऑनलाइन माध्यम से जमा कर सकेंगे। वहीं, प्रदेश कार्यकारिणी के पदों हेतु नामांकन 11 जून से 13 जून तक स्वीकार किए जाएंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए इसे ऑनलाइन मोड पर रखा गया है। नामांकन के बाद 15 जून से 18 जून तक स्क्रूटनी (दस्तावेजों की जांच) की प्रक्रिया चलेगी। खास बात यह है कि इस बार चुनाव प्रक्रिया एक व्यक्ति-एक पद के सिद्धांत पर आधारित रहेगी, यानी कोई भी उम्मीदवार केवल एक ही पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकेगा।

नामांकन के साथ 8 सेकंड का वीडियो अपलोड करना अनिवार्य

युवा कांग्रेस का सदस्य बनने तथा चुनाव लड़ने के लिए आवेदक की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष के मध्य होना अनिवार्य किया गया है।

ये दस्तावेज होंगे जरूरी

आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपना लाइव फोटो, वोटर आईडी कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज डिजिटल रूप में अपलोड करने होंगे। इसके साथ ही उम्मीदवारों को एक 8 सेकंड का वीडियो भी अपलोड करना होगा, जिसमें वे स्वयं अपने आवेदन और दावेदारी से संबंधित जानकारी देते नजर आएंगे।

सामाजिक संतुलन के लिए समितियों का बड़ा ढांचा

संगठन में समाज के प्रत्येक वर्ग और समुदायों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए विशेष मॉडल तैयार किया गया है। इसके तहत जिला अध्यक्ष की समिति में कुल 14 सदस्य होंगे, जिनमें विभिन्न वर्गों को स्थान दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर महासचिवों की 23 सदस्यीय जंबो समिति का भी गठन किया जाएगा, जिससे युवाओं को काम करने का बड़ा मंच मिल सके। निष्पक्ष चुनाव संचालन के लिए पूरे प्रदेश को पांच जोन में विभाजित किया जा रहा है, जहां नियुक्त अधिकारियों की निगरानी में मतदान संपन्न होगा।

जिला अध्यक्ष पद के लिए इन नामों की चर्चा तेज

चुनावी तारीखें सामने आते ही राजनांदगांव जिले में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। जिला अध्यक्ष पद के लिए प्रमुख दावेदारों में आफताब अहमद, विशु अजमानी, अमर झा, ऋषि शास्त्री और विप्लव शर्मा के नामों की चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में जोरों पर हैं। वहीं, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए भी कई ऊर्जावान युवा कार्यकर्ता सक्रिय होकर अपनी गोटियां बिछाने में जुट गए हैं।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch