November 25, 2026


कार्तिक पूर्णिमा का आध्यात्मिक रहस्य बताया, पांच विकारों के त्याग का दिया संदेश

 रामकुमार गुप्ता आरंग  : कार्तिक पूर्णिमा का सनातन धर्म में विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। इस पावन पर्व के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, समोदा सेवा केंद्र में आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बीके लता बहन जी ने कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक महत्व के साथ-साथ इसके आध्यात्मिक रहस्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।

बीके लता बहन जी ने बताया कि सनातन परंपरा में कार्तिक पूर्णिमा को अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व माना गया है। शास्त्रों में वर्णित त्रिपुरासुर वध के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि भगवान कार्तिकेय ने त्रिपुरासुर के अत्याचार और उसके दैवीय व्यवस्था के लिए खतरा बनने की बात भगवान विष्णु को बताई। इस पर भगवान विष्णु ने उन्हें विजय प्राप्त करने के लिए शक्ति एवं वरदान प्रदान किया। भगवान से शक्ति प्राप्त कर कार्तिकेय ने त्रिपुरासुर का वध किया और तीनों लोकों को उसके अत्याचार से मुक्ति दिलाई।

उन्होंने इस प्रसंग का आध्यात्मिक अर्थ समझाते हुए कहा कि भगवान से शक्ति प्राप्त कर बुराइयों पर विजय हासिल करने का संदेश इसमें छिपा है। त्रिपुरासुर का वध मनुष्य के भीतर व्याप्त पांच विकारों पर विजय प्राप्त करने का प्रतीकात्मक संदेश देता है। मनुष्य को काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसे विकारों का त्याग कर पवित्र एवं श्रेष्ठ जीवन जीने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सच्ची आध्यात्मिक उन्नति तभी संभव है, जब व्यक्ति परमात्मा से शक्ति प्राप्त कर अपने भीतर की बुराइयों को समाप्त करे और पवित्रता के मार्ग पर आगे बढ़े।

कार्यक्रम में आध्यात्मिक विचारों एवं प्रवचन का लाभ लेने दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस अवसर पर लगभग दो हजार लोगों को प्रसाद वितरण किया गया। पूरा आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ।




Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch