राजनांदगांव :- नगर निगम भाजपा के वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने नगर निगम महापौर मधुसूदन यादव द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट को शहर के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट सिर्फ आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि राजनांदगांव को आधुनिक, व्यवस्थित और सुंदर शहर बनाने की मजबूत कार्ययोजना है।
श्री वर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से यह बजट शहर के विकास में चार चांद लगाने का कार्य करेगा। बजट में अधोसंरचना विकास, राजस्व वृद्धि, सौंदर्यीकरण तथा सामाजिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है जिससे शहरवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि बजट में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, चौक-चौराहों के उन्नयन तथा शहर के प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। इन योजनाओं के पूर्ण होने से शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और शहरी ढांचा मजबूत बनेगा। श्री वर्मा ने कहा कि नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए व्यवसायिक परिसरों के निर्माण, निगम संपत्तियों के पुनर्विकास और नए राजस्व स्रोत तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय बजट में शामिल किए गए हैं। इससे नगर निगम आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मंदिरों के जीर्णोद्धार, मुक्तिधामों के उन्नयन, महिलाओं के लिए हाट बाजार, छात्रावास और प्रसाधन जैसी योजनाएं सामाजिक दृष्टि से अत्यंत उपयोगी हैं। यह बजट समाज के हर वर्ग महिलाओं, व्यापारियों, युवाओं और आम नागरिकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। श्री वर्मा ने विश्वास जताया कि नगर निगम का यह बजट आने वाले समय में राजनांदगांव को विकास के नए आयाम देगा और शहर को स्वच्छ, सुंदर तथा सुविधायुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने महापौर मधुसूदन यादव और निगम प्रशासन को इस जनहितैषी बजट के लिए बधाई दी।