राजनांदगांव :- नगर निगम की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। महापौर निवास को तोड़कर पेट्रोल पंप खोलने संबंधी बयान पर भाजपा के वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने नेता प्रतिपक्ष पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को भाजपा को सलाह देने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि जब कांग्रेस के पूर्व महापौर का कार्यकाल था तब उन्होंने ऐसी कोई सलाह नहीं दी।
नगर निगम में महापौर निवास को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष द्वारा महापौर निवास को तोड़कर वहां पेट्रोल पंप खोलने की बात कहे जाने पर भाजपा के वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने कड़ा जवाब दिया है। श्री वर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को भाजपा को सलाह देने से पहले अपने पुराने कार्यकाल को याद करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कार्यकाल में जब कांग्रेस के पूर्व महापौर पद पर थे तब नेता प्रतिपक्ष उनके बेहद करीबी थे लेकिन उस समय उन्होंने कभी कोई सुझाव नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अब भाजपा की सरकार और निगम प्रशासन विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रहा है ऐसे समय में अनर्गल बयानबाजी कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। भाजपा को क्या करना है और कैसे करना है यह पार्टी और जनप्रतिनिधि अच्छी तरह जानते हैं। श्री वर्मा ने आगे कहा कि नगर निगम की संपत्तियों और योजनाओं को लेकर कोई भी निर्णय जनता के हित और नियमानुसार लिया जाएगा। विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए बयान दे रहा है लेकिन जनता सब समझती है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि भाजपा को किसी से सीख लेने की जरूरत नहीं है। नेता प्रतिपक्ष पहले अपने दल के पिछले कार्यकाल का हिसाब दें फिर दूसरों को सलाह दें। महापौर निवास को लेकर दिए गए बयान के बाद शहर की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है जिससे आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमा सकता है।