राजनांदगांव: विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा स्पोर्ट्स अथारिटी आफ इंडिया (साई) के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय हाकी स्टेडियम में फिट इंडिया संडे आन साइकिल कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि व्यस्त जीवनशैली के कारण लोग अपने स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त समय नहीं निकाल पा रहे हैं, जिससे अनेक स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया अभियान का उद्देश्य लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना है। ‘‘सेहत की डोज, आधा घंटा रोज’’ का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। प्रतिदिन आधा घंटा साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ और ऊर्जावान बना रहता है।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों, आईटीबीपी जवानों, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के तहत साइकिल रैली निकालकर स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने नियमित साइकिल चलाने और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी लिया।
छत्तीसगढ़ हाकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि फिट इंडिया संडे आन साइकिल कार्यक्रम देशभर में स्वास्थ्य जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन रहा है। आइटीबीपी कमांडेंट मनोज बहुगुणा ने कहा कि अनुशासित जीवनशैली स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। समाजसेवी प्रदीप शर्मा ने कहा कि फिट इंडिया अभियान ने लोगों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। रैली अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर और निर्धारित मार्गों से होकर निकली। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा, पार्षद सुनील साहू, अंतरराष्ट्रीय वालीबाल खिलाड़ी रेखा पदम, सब इंस्पेक्टर अनीता साहू, अंतरराष्ट्रीय हैंडबाल खिलाड़ी शबनम अंसारी, आबिद बेग, अनुराज श्रीवास्तव, अशोक सेन सहित विभिन्न खेल संघों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, पदाधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।